शिवाजी स्कूल में छत्रपति शाहू महाराज जयंती एवं सामाजिक न्याय दिवस उत्साह से मनाया

मोर्शी /दि.27- शिवाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोर्शी में राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती सामाजिक न्याय दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की शुरुआत राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं माल्यार्पण के साथ हुई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीकांत देशमुख ने की. इस अवसर पर उपप्रधानाध्यापक मिलिंद ढाकुलकर, शिक्षक प्रतिनिधि अशोक चौधरी तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी प्रतिनिधि विठ्ठल गवई प्रमुख रूप से उपस्थित थे. अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाध्यापक श्रीकांत देशमुख ने राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज के शिक्षा, सामाजिक समानता, महिला शिक्षा, आरक्षण तथा जनकल्याणकारी नीतियों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की अवधारणा को व्यवहार में उतारने के लिए शाहू महाराज का योगदान आज भी प्रेरणादायी है. विद्यार्थियों को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समानता, बंधुत्व और मानवता के मूल्यों को अपनाना चाहिए. कार्यक्रम का प्रस्ताविक संदीप ठाकरे ने प्रस्तुत किया. संचालन विजया तारेकर ने किया, जबकि पूजा मेटकर ने आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा का संदेश देने वाला यह कार्यक्रम प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ.





