10 साल पुरानी पेयजल समस्या का समाधान
पार्षद अजय जयस्वाल की पहल से लोगों को मिली राहत

अमरावती/दि.27– बडनेरा के वार्ड क्रमांक 22 स्थित पांच बंगला क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे नागरिकों को आखिरकार राहत मिल गई है. युवा स्वाभिमान पार्टी के पार्षद अजय जयस्वाल की पहल और लगातार प्रयासों से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान किया गया.
जानकारी के अनुसार, युवा स्वाभिमान पार्टी महिला शाखा अध्यक्ष सुषमा शेटे एवं ज्योति यादव ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से इस गंभीर समस्या की जानकारी पार्षद अजय जयस्वाल तथा महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रजनी डोंगरे को दी. इसके बाद अजय जयस्वाल ने संबंधित जलापूर्ति विभाग को तत्काल निर्देश देकर युद्धस्तर पर कार्य शुरू कराया. पार्षद के सतत प्रयासों और प्रशासन के सहयोग से आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा किया गया, जिससे वार्ड के नागरिकों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या दूर हो गई. समस्या के समाधान के बाद स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए अजय जयस्वाल का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया. इस अवसर पर नागरिकों ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्य करें तो वर्षों से लंबित समस्याओं का भी समाधान संभव है. कार्यक्रम में महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रजनी डोंगरे, पार्षद गौरी मेघवानी, पार्षद किशोर जाधव, क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं तथा युवा स्वाभिमान पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे. जनप्रतिनिधियों ने भविष्य में भी वार्ड की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से हल करने का भरोसा दिलाया.





