अमरावती मनपा का अतिक्रमण विभाग हुआ सक्रिय
रोजाना कार्रवाई के लिए दो विशेष टीमें गठित

अमरावती/दि.27- शहर में बढ़ते अतिक्रमण, सड़क किनारे अवैध फेरीवालों और ट्रैफिक जाम की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए अमरावती महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग के प्रशासनिक कामकाज को सुचारु रखने के लिए रोजाना अतिक्रमण हटाने हेतु दो विशेष टीमों का गठन किया गया है.
अतिक्रमण दस्ता प्रमुख योगेश कोल्हे के नेतृत्व में जोन क्रमांक 1, 2 और 5 सहित शहर के सभी पांचों जोन में नियमित अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, स्कूल-कॉलेज, प्रमुख चौराहों, सरकारी कार्यालयों, मुख्य सड़कों, फुटपाथों तथा कृषि उपज मंडी परिसर में प्रतिदिन निरीक्षण किया जाता है. बिना अनुमति सड़क और फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले फेरीवालों के ठेले एवं सामान जब्त कर कार्रवाई की जा रही है.
मनपा के अनुसार, उप अभियंता के मार्गदर्शन में सभी जोनों में अवैध निर्माण तथा जर्जर और खतरनाक इमारतों को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी. वहीं, मनपा आयुक्त के निर्देशानुसार जोन स्तर पर बिना अनुमति लगाए गए बैनर और पोस्टर हटाने के लिए आवश्यक मशीनरी और कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है. अतिक्रमण विभाग नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के अलावा ‘आपले सरकार’ पोर्टल, पीजी पोर्टल और आरटीआई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई कर रहा है. अवैध निर्माण संबंधी शिकायतों को संबंधित जोन कार्यालय को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है. विभाग की वर्तमान नीति के अनुसार जब्त किए गए हाथठेले और अन्य छोटे सामान निर्धारित जुर्माना वसूलने के बाद संबंधित व्यक्तियों को वापस सौंप दिए जाते हैं. मनपा प्रशासन का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और नागरिकों की सुविधा के लिए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा.
* कार्रवाई का विवरण
– 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच अतिक्रमण हटाने की 317 कार्रवाई की गई.
– इस अवधि में अतिक्रमणकर्ताओं से 7 लाख 43 हजार 766 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
– 1 अप्रैल 2026 से 4 जून 2026 तक 36 कार्रवाई की गई.
– 1 अप्रैल 2026 से 9 जून 2026 तक अतिक्रमणकर्ताओं से 82 हजार 160 रुपये का जुर्माना वसूला गया.