‘अमरावती मंडल’ में खबर प्रकाशित होते ही कार्रवाई
ऑनलाइन चकरी जुआ अड्डे पर क्राइम ब्रांच का छापा

* दो आरोपी गिरफ्तार, साहित्य जब्त
अमरावती/दि.2 – रहटगांव क्षेत्र में संचालित ऑनलाइन चकरी जुए के अड्डे का मामला ‘अमरावती मंडल’ में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई. खबर प्रकाशित होते ही शहर की क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के रहटगांव स्थित एक होटल के नीचे संचालित जुए के अड्डे पर छापा मारा.
पुलिस को गोपनीय जानकारी मिली थी कि दुकान में टीवी स्क्रीन के माध्यम से ऑनलाइन चकरी जुआ खिलाया जा रहा है. सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर दबिश दी. छापे के दौरान टीवी स्क्रीन पर ऑनलाइन चकरी जुआ चल रहा था. पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को जुआ संचालित करते और दूसरे को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. कार्रवाई में पुलिस ने साहिल सुधीर सरवैया (26), निवासी विलास नगर तथा उमेश उर्फ बंटी रमेश पवार (35), निवासी लोहार लाइन, विलास नगर को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन चकरी जुआ संचालन में उपयोग की जा रही सामग्री, टीवी स्क्रीन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी सहित कुल 27 हजार 80 रुपये का माल जब्त किया गया. क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. गौरतलब है कि शहर में चल रहे इस ऑनलाइन जुए के कारोबार को लेकर ‘अमरावती मंडल’ में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की, जिससे अवैध जुआ कारोबार पर बड़ी चोट पहुंची है.





