किराये के विवाद के बाद युवती की संदिग्ध मौत
मां ने मकान मालकिन और उसके पति पर उठाए सवाल

* मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
* मोबाइल गायब होने से बढ़ा संदेह, निष्पक्ष जांच की मांग
अमरावती/दि.3 – निंभोरा क्षेत्र में किराये के विवाद के बाद एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत का मामला सामने आया है. मृतका की मां ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि मकान मालकिन और उसके पति द्वारा की गई मारपीट और प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी ने यह कदम उठाया. साथ ही, घटना के बाद मृतका का मोबाइल फोन नहीं मिलने से भी परिजनों ने गंभीर संदेह जताया है.
शिकायत के अनुसार, मृतका मयूरी बावनकर नौकरी कर अपने खर्च और कमरे का किराया स्वयं वहन करती थी. गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उसने अपनी बहन जयश्री पवार को फोन कर बताया कि किराये के पैसों को लेकर उसकी मकान मालकिन वैशाली काले से विवाद हुआ है. आरोप है कि इसी दौरान वैशाली काले के पति मुकेश बावनकर ने उसके साथ मारपीट की और उसे थप्पड़ मारे. परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे जयश्री को पड़ोसियों से सूचना मिली कि मयूरी ने मकान में फांसी लगा ली है. सूचना मिलते ही परिजन निंभोरा स्थित मकान पहुंचे, जहां रसोई के एक कोने में मयूरी फंदे से लटकी मिली. उस समय मकान मालकिन, उसका पति और पुलिस मौके पर मौजूद थे. पुलिस ने शव को नीचे उतारकर अस्पताल भेजा.
मृतका की मां का आरोप है कि जब उन्होंने बेटी का मोबाइल फोन मांगा तो मकान मालकिन ने बताया कि फोन पुलिस के पास जमा कर दिया गया है. हालांकि, पुलिस से जानकारी लेने पर पता चला कि ऐसा कोई मोबाइल उनके पास जमा नहीं कराया गया था. इस विरोधाभास के चलते परिजनों का संदेह और गहरा गया है. परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. ज्ञापन सौंपने वालों में किसन मंजूलकर, राजू शेलके, भगवान दांडेकर, राधेश्याम पवार, बंडू चौधरी, हीरामन शेलके, मनोज दांडेकर, अमोल शेलके, राजदीप पवार, रामू राउत, योगेश देवकर, मुकेश पवार, योगेश पवार, भीमराव आलुडे, अक्षय तुपेकर, अतुल चाफलकर, विनोद दांडेकर, चेतन भांडेकर, पंडित भांडेकर, साहिल देवकर, विशाल शेलके, गौरव पवार समेत अनेक लोगों का समावेश था.





