शराब के नशे में गाड़ी चलाती मिली मशहूर इन्फ्लुएंसर
पुलिस ने 17 किमी तक पीछाकर पकडा, मामला दर्ज

कासरगोड (केरल)./दि.3- सोशल मीडिया पर ‘हेलेन ऑफ स्पार्टा’ नाम से प्रसिद्ध लाइफस्टाइल इन्फ्लुएंसर धन्या एस.आर. के खिलाफ शराब के नशे में वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है. इंस्टाग्राम पर 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाली धन्या को पुलिस ने 17 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पकड़ा.
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात करीब दो बजे विद्यानगर पुलिस की गश्ती टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर अनंगूर क्षेत्र से गुजर रही थी. इसी दौरान सड़क के बीचोंबीच खड़ी एक टाटा पंच कार दिखाई दी. पुलिसकर्मी वाहन के पास पहुंचे ही थे कि चालक ने अचानक तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी. पुलिस ने कई बार वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने निर्देशों की अनदेखी करते हुए कार भगाना जारी रखा. इसके बाद पुलिस ने करीब 17 किलोमीटर तक पीछा किया और अंततः मंगलपाडी गांव के भगवती नगर क्षेत्र में वाहन को रोकने में सफलता हासिल की.
जांच के दौरान पुलिस को चालक के मुंह से शराब की तेज गंध महसूस हुई. ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में अल्कोहल का स्तर 82 दर्ज किया गया, जो कानूनी सीमा से काफी अधिक था. मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार प्रति 100 मिलीलीटर रक्त में 30 मिलीग्राम से अधिक अल्कोहल होना नियमों का उल्लंघन माना जाता है. पुलिस ने धन्या एस.आर. के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने, पुलिस के आदेश पर वाहन न रोकने तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. उनकी टाटा पंच कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया.
बाद में मीडिया से बातचीत में धन्या ने स्वीकार किया कि उन्होंने शराब का सेवन किया था. हालांकि उनका कहना है कि पुलिस को देखकर वह घबरा गई थीं और इसी कारण वाहन लेकर आगे बढ़ गईं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. गौरतलब है कि ‘हेलेन ऑफ स्पार्टा’ के नाम से लोकप्रिय धन्या एस.आर. सोशल मीडिया पर लाइफस्टाइल और डिजिटल कंटेंट के लिए जानी जाती हैं तथा उनके लाखों फॉलोअर्स हैं.