6 को नांदेड़-एलटीटी और टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस का शुभारंभ
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे उद्घाटन, तैयारियां जोरों पर

नांदेड़/दि.3- यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में नांदेड़-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) एक्सप्रेस और टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस का शुभारंभ 6 जुलाई को किया जाएगा. इस अवसर पर नांदेड़ रेलवे स्टेशन पर एक भव्य आधिकारिक समारोह आयोजित किया जाएगा. रेलवे प्रशासन के अनुसार, नांदेड़-मुंबई (एलटीटी) एक्सप्रेस की उद्घाटन यात्रा को केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. वहीं टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा. समारोह में रेल मंत्री के साथ अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे.
कार्यक्रम 6 जुलाई को सुबह 10 बजे नांदेड़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा. समारोह की तैयारियों को लेकर रेलवे प्रशासन ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं. रेलवे के परिचालन, यांत्रिक, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा सुरक्षा विभागों सहित सभी संबंधित शाखाओं को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई रेल सेवाओं के शुरू होने से मराठवाड़ा क्षेत्र के यात्रियों को मुंबई तथा उत्तर भारत के लिए बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा. इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है. उद्घाटन समारोह को लेकर नांदेड़ रेलवे स्टेशन पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और रेलवे प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्था की है.