स्मार्ट मीटरों पर धारणी में कांग्रेस का विरोध तेज
बढ़े बिजली बिलों पर महावितरण को चेतावनी

* विधायक राजकुमार पटेल की मौजूदगी में बैठक
* जांच पूरी होने तक बिजली कनेक्शन नहीं काटने और बढ़े हुए बिलों में तत्काल सुधार की मांग
धारणी /दि.4- धारणी तहसील में लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटरों को लेकर लोगों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे महावितरण कार्यालय, धारणी में विधायक राजकुमार पटेल की प्रमुख उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में हुई भारी वृद्धि पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और महावितरण अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई.
बैठक में सभापति रोहित पटेल ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने से पहले कई उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल 500 से 600 रुपये के बीच आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद यही बिल बढ़कर 13 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है. इस अचानक हुई बढ़ोतरी से आम नागरिकों में भारी नाराजगी और असंतोष है. बैठक में महावितरण अधिकारियों को निर्देश देते हुए मांग की गई कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल असामान्य रूप से बढ़े हैं, उनके बिलों की तत्काल जांच कर उनमें आवश्यक सुधार किया जाए. साथ ही स्पष्ट किया गया कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और बिलों की त्रुटियां दूर नहीं हो जातीं, तब तक किसी भी उपभोक्ता की बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाए.
बैठक में यह भी कहा गया कि मेलघाट क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी पूरी तरह विरोध करती है. महाविकास आघाड़ी के सभी घटकों की ओर से भी इस योजना का कड़ा विरोध दर्ज कराया गया और क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की गई. बैठक में नगरसेवक पंकज मोरे, राजा खान, सामाजिक कार्यकर्ता राजू मालवीय, गोलू खान, मलिक शेख, बाबूलाल जावकर, सुरेश पटेल, दिलीप जावरकर, अनिल मालवीय सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे. बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें लोगों ने बढ़े हुए बिजली बिलों के समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद की.





