रहाटगांव के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से पौधारोपण एवं संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ
11 जुलाई तक लगाए जाएंगे छायादार, फलदार और औषधीय पौधे, संरक्षण पर भी रहेगा विशेष जोर

अमरावती/दि.4 – आज़ाद हिंद मंडल, बुधवारा के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को रहाटगांव स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पौधारोपण एवं वृक्ष संरक्षण सप्ताह का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया. यह अभियान श्री शंकर मंदिर संस्थान, आज़ाद हिंद मंडल, बुधवारा और अमरावती मनपा के संयुक्त तत्वावधान में 4 से 11 जुलाई तक चलाया जाएगा.
अभियान के तहत मंदिर परिसर की विस्तृत भूमि पर पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बरगद, पीपल, नीम, आंवला, आम जैसे छायादार एवं दीर्घायु वृक्षों के साथ अमरूद, चीकू जैसे फलदार पौधे तथा बोगनविलिया, ताड़ एवं विभिन्न प्रजातियों के पुष्पीय पौधे लगाए गए. विशेष बात यह रही कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष जोर दिया गया. इसके लिए मंदिर संस्थान द्वारा पौधों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी, जबकि मंदिर आने वाले शिवभक्त नियमित रूप से सिंचाई और देखभाल करेंगे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद अनंतराव गुढे ने की. मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर आज़ाद हिंद मंडल के सचिव दिलीप कलोती, उपाध्यक्ष किशोर फुले, कोषाध्यक्ष दिलीप दाभाड़े, श्री शंकर मंदिर संस्थान के ट्रस्टी बाबासाहेब कोल्हे, कैलाश गिलोरकर, अशोकराव गडवे, अविनाश देमापुरे, शिवराज पारटकर, विलास काले, किशोर कुर्हेकर, डॉ. चंद्रशेखर गिरी, नितिन हटवार, विनोद मोकलकर सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे. इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. अपने संबोधन में पूर्व सांसद अनंत गुढे ने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी लेकर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया. आयोजकों ने नागरिकों, शिवभक्तों और पर्यावरण प्रेमियों से वृक्षारोपण सप्ताह में सक्रिय भागीदारी कर अभियान को सफल बनाने की अपील की.





