धारणी-परतवाडा मार्ग पर विशाल पेड गिरा, यातायात पूरी तरह ठप
घटांग के पास रात 2 बजे हुआ हादसा

* दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारे, बारिश से राहत कार्य प्रभावित
अमरावती/दि.4 – मेलघाट क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है. भारी वर्षा के बीच धारणी-परतवाड़ा मुख्य मार्ग पर घटांग के समीप एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर जाने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया. घटना के बाद से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रियों को घंटों तक फंसे रहना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार तड़के करीब 2 बजे हुई. तेज बारिश और तेज हवा के कारण विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे सड़क पर गिर गया, जिससे सड़क का पूरा हिस्सा अवरुद्ध हो गया. इसके चलते धारणी और परतवाड़ा के बीच यातायात पूरी तरह ठप हो गया. मार्ग बंद होने से निजी वाहनों, बसों और मालवाहक वाहनों सहित सैकड़ों वाहन सड़क के दोनों ओर फंस गए. यात्रियों, मरीजों और जरूरी कार्य से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराया. पेड़ हटाने के लिए राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा गया है. हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण पेड़ हटाने और यातायात बहाल करने के कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि मार्ग पूरी तरह खुलने तक धैर्य बनाए रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. अधिकारियों के अनुसार पेड़ हटाने का कार्य पूरा होते ही यातायात को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा.





