ख्यातनाम दंत चिकित्सक डॉ. संदेश मयेकर का कल भव्य सम्मान समारोह
शिव परिवार का आयोजन, समारोहपूर्वक किया जाएगा अभिनंदन

* द ग्रैंड महफिल के सफायर हॉल में होगा समारोह का आयोजन
अमरावती/दि.4- भारत में एस्थेटिक एवं कॉस्मेटिक डेंटिस्ट्री के क्षेत्र की नींव रखने वाले, दंत चिकित्सा शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले तथा हजारों दंत चिकित्सकों के प्रेरणास्रोत प्रख्यात दंत चिकित्सक डॉ. संदेश मयेकर के सम्मान में अमरावती में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है. यह समारोह कल रविवार, 5 जुलाई को शाम 5:30 बजे कैंप रोड स्थित द ग्रैंड मेहफिल के पांचवें तल पर स्थित सैफायर हॉल में आयोजित होगा.
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी शरद कालमेघ करेंगे. कार्यक्रम में महापौर श्रीचंद तेजवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा विदर्भ युथ वेलफेअर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम में शहर के दंत चिकित्सक, चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे.
आयोजकों के अनुसार डॉ. संदेश मयेकर ने भारत में एस्थेटिक एवं कॉस्मेटिक डेंटिस्ट्री को नई दिशा देने का कार्य किया है. उन्होंने दंत चिकित्सा के आधुनिक उपचारों को लोकप्रिय बनाने के साथ-साथ कंटीन्यूइंग डेंटल एजुकेशन, प्रैक्टिस मैनेजमेंट और युवा दंत चिकित्सकों के मार्गदर्शन में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है. उनके कार्यों से देशभर के दंत चिकित्सा क्षेत्र को नई पहचान मिली है.
कार्यक्रम का आयोजन शिवपरिवार, वी.वाई.डब्ल्यू.एस. डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, अमरावती तथा इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) अमरावती शाखा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है. आयोजकों ने दंत चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े चिकित्सकों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर डॉ. संदेश मयेकर का सम्मान करने और उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने की अपील की है. कार्यक्रम को लेकर चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है.





