लालखडी में अवैध पिस्टल के साथ ड्राइवर गिरफ्तार
कमर में हथियार खोंसकर घूम रहा था परिसर में

* देशी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद
अमरावती/दि.4 – क्राईम ब्रांच के दल ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालखड़ी क्षेत्र से एक युवक को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से करीब 32 हजार रुपये मूल्य की एक लोहे की पिस्टल, मैगजीन और एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया है.गिरफ्तार आरोपी का नाम बिस्मिल्ला नगर निवासी अब्दुल मोहसीन उर्फ सद्दु अब्दुल रउफ (29) है.
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम शहर में गश्त और अवैध गतिविधियों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अब्दुल मोहसीन उर्फ सद्दू अब्दुल रऊफ (29), निवासी बिस्मिल्ला नगर, लालखड़ी, अवैध रूप से पिस्टल लेकर घूम रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लालखड़ी में जाल बिछाकर आरोपी को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान आरोपी की कमर के पीछे पैंट में खोंसी हुई एक लोहे की पिस्टल मिली. पिस्टल की मैगजीन की जांच करने पर उसमें एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ. पुलिस ने हथियार, मैगजीन और कारतूस जब्त कर आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया. जब्त सामग्री में लगभग 30 हजार रुपये मूल्य की लोहे की पिस्टल (मैगजीन सहित) तथा 2 हजार रुपये मूल्य का एक जिंदा कारतूस शामिल है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) प्रांजलि सोनवणे, क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आयुक्त कैलास फुंडकर तथा गाडगे नगर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त नीलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम ने की.





