अमरावती में ‘एनपीएस संचय आउटरीच’ कार्यक्रम आयोजित
सेवानिवृत्ति सुरक्षा पर दिया गया जोर

अमरावती /दि.7- पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी बैंक कार्यालय, अमरावती के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय होटल गौरी इन में ‘एनपीएस संचय आउटरीच’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिले के नागरिकों तथा विभिन्न विभागों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
कार्यक्रम में नाबार्ड की रश्मिता पंचाले, पीएफआरडीए के सचिन राठी एवं रघुवीर सिंह चरण, खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल के जिला अधिकारी प्रदीप चेचरे, माविम के डॉ. रंजन वानखड़े, अभिनंदन बैंक के विजय बोथरा एवं शिवाजी देठे, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के रवी जैन तथा महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक के सार्थक सोनटक्के सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे. मुख्य अतिथियों ने ‘एनपीएस संचय’ योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि एनपीएस में नियमित निवेश व्यक्ति के भविष्य को सुरक्षित बनाने और सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से योजना के लाभों पर प्रकाश डाला.
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें पीएफआरडीए के राहुल ने कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों एवं उपस्थित प्रतिभागियों के लिए संवादात्मक प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया, जिसमें नागरिकों की भी सक्रिय सहभागिता रही. कार्यक्रम की प्रस्तावना सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ विभागीय प्रबंधक सुनील पांडे ने प्रस्तुत की, जबकि आभार प्रदर्शन अग्रणी जिला प्रबंधक नरेश हेडाऊ ने किया.





