अमरावती संसदीय क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों की बुकलेट में गलत जानकारी
सांसद बलवंत वानखडे ने दक्षिण मध्य रेलवे की बैठक में अधिकारियों का लिया आडे हाथ

अमरावती/दि.7 – गत रोज दक्षिण मध्य रेलवे द्बारा नांदेड में अपने कार्यक्षेत्र के सांसदों की बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में अमरावती संसदीय क्षेत्र के सांसद बलवंत वानखडे ने भी हिस्सा लिया. जिन्होंने अमरावती लोकसभा क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों के बारे में रेल प्रशासन द्बारा तैयार की गई अधिकृत बुकलेट में गलत जानकारी दर्ज रहने का मुद्दा उठाया तथा इसके लिए दक्षिण मध्य रेलवे के अधिकारियों को जमकर आडे हाथ भी लिया.
बता दें कि गत रोज आयोजित बैठक में दक्षिण मध्य रेलवे के विविध विकास कामों का जायजा लेने के साथ ही यात्रियों हेतु उपलब्ध कराई जानेवाली सुविधाओं की समीक्षा भी की गई. इस बैठक में सांसद बलवंत वानखडे ने स्पष्ट तौर पर कहा कि अमरावती संसदीय क्षेत्र अंतर्गत प्रत्यक्ष में अस्तित्व में रहनेवाले कुछ रेलवे स्टेशनों की जानकारी को बुकलेट में गलत पध्दति से प्रस्तुत किया गया है. इस तरह की तथ्यात्मक गलतियों को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता. अधिकृत दस्तावेज तैयार करते समय सही व सटिक जानकारी की पडताल करना रेलवे प्रशासन की जवाबदारी है. साथ ही गलत जानकारी की वजह से आम जनता में संभ्रम निर्माण हो सकता है. साथ ही साथ संबंधित क्षेत्र के विकास पर भी इसका विपरित असर पड सकता है.
इस समय सांसद बलवंत वानखडे ने संबंधित अधिकारियों को बुकलेट में रहनेवाली त्रृटियों को दूरूस्त कर अमरावती लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित सभी रेलवे स्टेशनों की सटिक जानकारी समाविष्ट करने के निर्देश दिए. साथ ही भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो. इसके लिए आवश्यक सावधानी व सतर्कता बरतने के लिए भी कहा.