मूसलाधार बारिश का कहर, दो की मौत
41 पशुधन बहे, 70 मकान क्षतिग्रस्त

* 41 पशुधन बहे, 70 मकान क्षतिग्रस्त
अमरावती/दि.7– जिले में 29 और 30 जून को हुई लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया. जिलाधिकारी कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 48 घंटों में जिले में औसतन 18.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई. किसी भी मंडल में 100 मिमी से अधिक बारिश नहीं हुई, लेकिन कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ. सबसे अधिक नुकसान चांदूर बाजार तहसील में दर्ज किया गया. बाढ़ के तेज बहाव में बह जाने से रविंद्र रामभाऊ आवारे (53, पांढरी) और गोपाल बाबूराव निंबारे (40, पांढरी) की मौत हो गई. बारिश और बाढ़ का असर पशुधन पर भी पड़ा. प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार, चांदूर बाजार क्षेत्र के एक गांव में 41 पशुधन बह गए, जिनमें 20 बकरियां, 20 मुर्गियां और एक गाय शामिल हैं
.* 70 मकान गिरे, फसलों को भी नुकसान
भारी बारिश के चलते जिले के तीन गांवों में 70 मकान क्षतिग्रस्त हुए. इनमें 65 मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि 5 तबेले भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. कृषि क्षेत्र में भी नुकसान की प्राथमिक जानकारी सामने आई है. चांदूर बाजार तहसील के लाखनवाड़ी गांव में लगभग एक हेक्टेयर क्षेत्र की फसल प्रभावित हुई है. हालांकि, कहीं भी बड़े पैमाने पर भूमि कटाव की घटना दर्ज नहीं हुई. जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य शुरू कर दिए हैं. अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.
* धारणी तहसील में भारी नुकसान
3 जुलाई को धारणी तहसील में हुई मूसलाधार बारिश के कारण कुल 84 गांवों में से 10 गांव बाधित हुए है. इस तहसील में 2 हेक्टेअर क्षेत्र के सोयाबीन, 6.50 हेक्टेअर क्षेत्र की कपास और 11.40 हेक्टेअर क्षेत्र की मका की फसल को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा 1 जुलाई को हुई बारिश के कारण जिले के धामणगांव रेल्वे तहसील के एक गांव के दो मकानों को मामूली नुकसान पहुंचा है.





