डकैती के तैयारी में रहे 4 लोग मोर्शी में दबोचे गये
दो दुपहिया समेत 2 लाख का माल जब्त

मोर्शी /दि.10 – डाका डालने की तैयारी में रहे 4 संदिग्धों को मोर्शी पुलिस ने गुरुवार 9 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से दो दुपहिया, पेचकस, लाठी, लोहे का रॉड, सलाख समेत कुल 2 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजूरा नाका निवासी उमेश कैलास वटके, सुरली निवासी सागर नरेंद्र खोब्रागडे, वरुड निवासी गजानन बंसीलाल उईके और वरुड निवासी रामपाल संतुलाल वटके है.
जानकारी के मुताबिक मोर्शी पुलिस के दल को 9 जुलाई को मोर्शी-वर्हाड रोड के वारकरी ढाबा के पास दो दुपहिया पर 4 लोग संदिग्ध अवस्था में रुककर गंभीर घटना को अंजाम देने की तैयारी में रहने की गोपनीय जानकारी मिली थी. इसके मुताबिक पुलिस ने जाल बिछाकर छापा मारा. पुलिस को देखते ही संदिग्ध आरोपियों ने भागने का प्रयास किया. लेकिन पीछा कर उन्हें कब्जे में लिया गया. चारों आरोपियों के पास से बजाज कंपनी की बिना नंबर की 2 दुपहिया, लोहे का रॉड, बडा पेचकस, लाठी, सलाख जब्त की गई है. यह कार्रवाई थानेदार राहुल आठवले के मार्गदर्शन में पीएसआई तुषार चव्हाण, हेडकांस्टेबल छत्रपति करपते, स्वप्नील बायस्कर, अथर्व कोहले के दल ने की. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.