ब्रेक फेल ट्रक ने फोड़ी अमरावती की मेन पानी पाइपलाइन, लाखों लीटर पानी बर्बाद

पेट्रोल पंप समेत पूरा इलाका जलमग्न, 1-2 दिन पानी सप्लाई प्रभावित होने की आशंका

अमरावती/दि.10- गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे नंदगांव पेठ स्थित अग्रवाल पेट्रोल पंप पर एक बड़ा हादसा हो गया. डीजल भरवाने आ रहे यूपी 78-डीटी- 4577 क्रमांक के ट्रक के ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. बेकाबू ट्रक सीधे अपर वर्धा बांध से अमरावती शहर को पानी पहुंचाने वाली मुख्य पाइपलाइन से जा टकराया. जोरदार टक्कर से पाइपलाइन फट गई और लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह गया.
पाइपलाइन फटते ही करीब 50 फीट ऊंचाई तक पानी का फव्वारा उठने लगा. देखते ही देखते अग्रवाल पेट्रोल पंप परिसर और आसपास का पूरा इलाका पानी से भर गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हादसे में ट्रक ने पेट्रोल पंप पर खड़े दो दोपहिया वाहनों और एक जनरेटर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. वहीं, पास स्थित एक टायर रीमोल्डिंग की दुकान में पानी घुसने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ. समीप के एक होटल को भी भारी आर्थिक क्षति पहुंची. पेट्रोल पंप परिसर में पानी भर जाने और अंडरग्राउंड फ्यूल टैंकों में पानी प्रवेश करने की आशंका को देखते हुए प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री तत्काल बंद कर दी. इस घटना से अमरावती शहर में जलापूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ने की संभावना बढ़ गई है. पहले से ही दो से तीन दिन के अंतराल पर पानी मिलने से परेशान शहरवासियों को अब मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण एक-दो दिन और जल संकट का सामना करना पड़ सकता है. घटना की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (एमजेपी) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षति का निरीक्षण किया. अधिकारियों के अनुसार पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा, ताकि जलापूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जा सके.
* जांच के बाद ही शुरू होगी फ्यूल बिक्री
अग्रवाल ऑटो सर्विस के निदेशक आज़ाद अग्रवाल ने बताया कि मुख्य जल पाइपलाइन फटने से पेट्रोल पंप परिसर में भारी मात्रा में पानी भर गया. ग्राहकों की सुरक्षा और ईंधन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एहतियातन फ्यूल बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी गई है. अंडरग्राउंड टैंकों और ईंधन की आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही पेट्रोल-डीजल की बिक्री दोबारा शुरू की जाएगी. उन्होंने ग्राहकों से सहयोग की अपील की.

Back to top button