पीएम फसल बीमा योजना खरीफ सत्र के लिए पंजीकरण शुरू
31 जुलाई तक करें आवेदन

अमरावती/दि.10- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन 2026-27 के लिए किसानों का पंजीकरण शुरू हो गया है. अमरावती जिले के लिए इस वर्ष ईफको टोकियो जनरल इंश्युरंस कंपनी को बीमा कंपनी के रूप में चयनित किया गया है. किसानों से 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है.
योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा, कीट एवं रोगों से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उनकी आय को स्थिर बनाए रखना है. कृषि विभाग के अनुसार, योजना में शामिल होने के लिए एग्रीस्टैक किसान पहचान पत्र अनिवार्य है. साथ ही, फसल नुकसान का दावा प्राप्त करने के लिए ई-पीक निरीक्षण के तहत फसल का पंजीकरण भी अनिवार्य रहेगा. किसी अन्य व्यक्ति के नाम या अवैध तरीके से किए गए आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे.कृषि विभाग ने किसानों को आगाह किया है कि यदि सीएससी केंद्र निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलते हैं, तो इसकी शिकायत कृषि विभाग या तहसील कार्यालय में करें. तहसील कृषि अधिकारी पी. डी. गुल्हाने ने कहा कि अंतिम दिनों में पोर्टल पर तकनीकी दबाव बढ़ सकता है. इसलिए किसान अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते नजदीकी सीएससी केंद्र के माध्यम से अपना फसल बीमा पंजीकरण पूरा करें. अधिक जानकारी के लिए किसान अपने गांव के सहायक कृषि अधिकारी, मंडल कृषि अधिकारी या संबंधित तहसील कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.
* आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
एग्रीस्टैक पंजीकरण क्रमांक, 7/12 एवं 8-ए दस्तावेज, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, स्व-घोषणा पत्र.
* प्रति हेक्टेयर किसान अंशदान एवं बीमा राशि
– धान – 650 रुपये, बीमित राशि 65 हजार रुपये.
– खरीफ ज्वार – 660 रुपये, बीमित राशि 33 हजार रुपये.
– सोयाबीन – 1,250 रुपये, बीमित राशि 62,500 रुपये.
– मूंग – 594 रुपये, बीमित राशि 29,700 रुपये.
– तूअर – 940 रुपये, बीमित राशि 47 हजार रुपये.
– कपास – 975 रुपये, बीमित राशि 65 हजार रुपये.
– मक्का – 800 रुपये, बीमित राशि 40 हजार रुपये.





