महाराष्ट्र में प्रभावित किसानों के लिए 84 करोड़ रुपये मंजूर
वरुड तहसील को मिलेगा 64 करोड़ का लाभ

अमरावती/दि.13- महाराष्ट्र सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए 84 करोड़ रुपये की सहायता राशि मंजूर की है. इनमें से अमरावती जिले के वरुड तहसील के किसानों के लिए लगभग 64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. विधायक उमेश उर्फ चंदू यावलकर ने बताया कि उनके लगातार प्रयासों और शासन स्तर पर किए गए पत्राचार के बाद यह मंजूरी मिली है. जल्द ही पात्र किसानों के बैंक खातों में सहायता राशि जमा की जाएगी.
जानकारी के अनुसार, 30 और 31 मई को वरुड तहसील में आए तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से किसानों की फसल एवं फल बागानों को भारी नुकसान हुआ था. इसके बाद व्यापक पंचनामे कराए गए और 15 जून को संयुक्त रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी गई थी. शासन के 10 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार, अमरावती जिले के 28,385 प्रभावित किसानों को 67.58 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है. इनमें वरुड तहसील के 142 गांवों के 24,773 किसानों तथा लगभग 29,770 हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल किया गया है, जिसके लिए करीब 64 करोड़ रुपये की सहायता मंजूर की गई है. विधायक उमेश यावलकर ने कहा कि प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप शासन ने यह निधि मंजूर की. वहीं, स्थानीय किसानों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा विधायक उमेश यावलकर के प्रति आभार व्यक्त किया.





