राणा दम्पति ने गिनाईं विकास योजनाएं

बडनेरा फ्लाईओवर का लोकार्पण

* किसानों के हित और भविष्य की परियोजनाओं पर रखा जोर
अमरावती /दि.13 बडनेरा में नवनिर्मित फ्लाईओवर एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह में पूर्व सांसद नवनीत राणा और विधायक रवि राणा ने विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए अमरावती और बडनेरा के लिए भविष्य की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की घोषणा और दावा किया. साथ ही दोनों नेताओं ने किसानों, बुनियादी सुविधाओं और राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी.
अपने संबोधन में नवनीत राणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से अमरावती में पिछले पांच वर्षों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे हुए हैं. उन्होंने कहा कि बडनेरा फ्लाईओवर बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी तथा एमआईडीसी आने-जाने वाले हजारों श्रमिकों, विशेषकर महिला कर्मचारियों को बड़ी सुविधा होगी. उन्होंने साईनगर, गोपालनगर, अकोली, भातकुली रोड, नवाथे और निंभोरा क्षेत्र के फ्लाईओवर एवं अंडरपास जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया. किसानों के मुद्दे पर नवनीत राणा ने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की बेईमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने दावा किया कि नकली बीज बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. अपने राजनीतिक संबोधन में उन्होंने कहा कि चुनावी हार के बाद भी उनका मनोबल नहीं टूटा है और भाजपा तथा युवा स्वाभिमान पार्टी मिलकर जिले के विकास का काम जारी रखेंगी. उन्होंने उद्धव ठाकरे पर हनुमान चालीसा प्रकरण को लेकर निशाना साधा तथा अयोध्या राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस की भी आलोचना की. उन्होंने यह भी कहा कि अमरावती हवाई अड्डे का विकास कार्य प्रगति पर है और यहां दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी पायलट प्रशिक्षण अकादमी शुरू होने वाली है. साथ ही नागपुर से अमरावती तक मेट्रो सेवा शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
वहीं विधायक रवि राणा ने कहा कि करीब 65 करोड़ रुपये की लागत से बने बडनेरा फ्लाईओवर से शहर की वर्षों पुरानी यातायात समस्या का समाधान होगा. उन्होंने बताया कि राजकमल चौक पर लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से नया फ्लाईओवर भी स्वीकृत हो चुका है और उसका कार्य जल्द शुरू होगा. इसके अलावा पाळधी, अंजनगांव बारी, भातकुली, अकोली, गोपालनगर, साईनगर, नवाथे और शिपना कॉलेज क्षेत्र के अंडरपास और सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख किया. रवि राणा ने फ्लाईओवर के साथ स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और एंबुलेंस की सुविधा के लिए अंडरपास निर्माण की आवश्यकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों से फ्लाईओवर शुरू होने के बाद शीघ्र अंडरपास का कार्य प्रारंभ करने की मांग की. उन्होंने कोंडेश्वर रोड पर 10 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित ‘बुद्ध भूमि’ परियोजना का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से यहां 51 फीट ऊंची भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा, अध्ययन केंद्र, विहार और छात्रावास का निर्माण किया जाएगा.
विधायक ने बडनेरा में लगभग 1600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शासकीय मेडिकल कॉलेज परियोजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके लिए 403 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं तथा वन स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना हजारों विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगी. रवि राणा ने अमरावती की 1035 करोड़ रुपये की जलापूर्ति योजना, आईटी पार्क, बडनेरा रेल वैगन फैक्ट्री, अंजनगांव बारी और भातकुली क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया. उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार विदर्भ सहित पूरे महाराष्ट्र के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है. कार्यक्रम के अंत में दोनों नेताओं ने नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमरावती और बडनेरा में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी.

Back to top button