चाइना मांझे से मासूम की नाक और आंख घायल
एक ही दिन दो हादसों से दहशत, नागपुरी गेट थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.13- प्रतिबंधित चाइना मांझा एक बार फिर लोगों की जान और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनकर सामने आया है. शनिवार को शहर में चाइना मांझे की चपेट में आने से दो अलग-अलग हादसे हुए, जिनमें एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे हादसे में एक व्यक्ति का हाथ बुरी तरह कट गया.
जानकारी के मुताबिक नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर स्कूल से अपने पिता के साथ घर लौट रहा एक मासूम बच्चा अचानक चाइना मांझे की चपेट में आ गया. मांझे से उसकी नाक और आंख के पास गंभीर चोटें आईं. घटना के तुरंत बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है. इसी दिन शहर के पश्चिमी क्षेत्र स्थित धरम कांटा इलाके में भी एक अन्य व्यक्ति का हाथ चाइना मांझे से बुरी तरह कट गया. एक ही दिन में हुई इन दो घटनाओं ने शहर में प्रतिबंधित चाइना मांझे की बिक्री और उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अमरावती में चाइना मांझे के कारण पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं और कुछ मामलों में जान भी जा चुकी है. इसके बावजूद पश्चिमी क्षेत्र में प्रतिबंधित मांझे की खुलेआम बिक्री और इस्तेमाल जारी है. विशेष रूप से युवाओं में पतंगबाजी के बढ़ते शौक के कारण इसकी मांग बनी हुई है. नागरिकों का आरोप है कि कुछ व्यापारी अधिक मुनाफे के लालच में प्रतिबंधित चाइना मांझा खुलेआम बेच रहे हैं. शहर के अन्य इलाकों की तुलना में पश्चिमी क्षेत्र में इसका उपयोग अधिक देखने को मिलता है, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की जान लगातार जोखिम में रहती है.
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई केवल दिसंबर-जनवरी के पतंगबाजी सीजन तक सीमित रहती है. वर्ष के बाकी समय प्रभावी निगरानी और सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं. नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से प्रतिबंधित चाइना मांझे की बिक्री पर पूरे वर्ष विशेष अभियान चलाने, अवैध रूप से इसकी बिक्री करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा लोगों में जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है.





