अमरावती में फिनटेक कंपनी का एडमिन पोर्टल हैक
7.08 लाख रुपये उड़ाए, मामला दर्ज

* एफ-पे कम्युनिकेशन के वॉलेट से विभिन्न बैंक खातों में रकम ट्रांसफर
अमरावती/दि.13- अमरावती में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है. अज्ञात साइबर अपराधी ने फिनटेक कंपनी एफ-पे कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड के एडमिन पोर्टल को हैक कर कंपनी के एफ-पे वॉलेट और कस्टमर वॉलेट से 7 लाख 8 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए. शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता मोहम्मद फैजान रजा मोहम्मद अख्तर (29) निवासी हबीब नगर नंबर-1, वलगांव रोड, एफ-पे कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं. उनकी कंपनी मोबाइल रिचार्ज, बिल भुगतान, डीटीएच रिचार्ज, मनी ट्रांसफर, एईपीएस तथा अन्य वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराती है. शिकायत में बताया गया है कि 2 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात आरोपी ने कंपनी के एडमिन पोर्टल में अनधिकृत रूप से लॉगिन किया. पासवर्ड हैक करने के बाद आरोपी ने कंपनी के एफ-पे वॉलेट और कस्टमर वॉलेट से कुल 7.08 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ.
घटना की जानकारी मिलते ही शिकायतकर्ता ने साइबर पुलिस से संपर्क किया. जांच के बाद 10 जुलाई की शाम पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, पहचान संबंधी धोखाधड़ी तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अनिकेत कासार कर रहे हैं. पुलिस ट्रांसफर की गई रकम के बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर अपराधी की पहचान करने में जुटी है.





