अवकाल बारिश से प्रभावित किसानों के लिए 84.23 करोड़ रुपये मंजूर
45,042 किसानों को मिलेगा राहत पैकेज

* अमरावती संभाग के 28,751 किसानों को 68 करोड़ रुपये की सहायता
अमरावती/दि.13– राज्य सरकार ने अप्रैल और मई में हुई बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत देते हुए 84 करोड़ 23 लाख 65 हजार रुपये की सहायता राशि मंजूर की है. इस निर्णय से राज्य के छह राजस्व संभागों के 45,042 किसानों को लाभ मिलेगा, जबकि 38,358.70 हेक्टेयर फसल प्रभावित क्षेत्र को राहत प्रदान की जाएगी. इस संबंध में राज्य सरकार ने 10 जुलाई को शासन निर्णय जारी किया है.
सरकार के मुताबिक प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को अगले कृषि सीजन के लिए सहारा देने हेतु राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि के तहत इनपुट सब्सिडी प्रदान की जाती है. अप्रैल और मई में हुई बेमौसम बारिश से कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था. पंचनामों के आधार पर अमरावती, नागपुर, नाशिक, पुणे, छत्रपति संभाजीनगर और कोंकण संभाग के विभागीय आयुक्तों ने सहायता प्रस्ताव भेजे थे, जिन्हें मंजूरी देते हुए सरकार ने राहत राशि जारी की है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूरी सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी. साथ ही बैंकों को निर्देश दिए गए हैं कि इस राशि को किसानों के पुराने ऋण या किसी अन्य बकाया की वसूली के लिए समायोजित नहीं किया जाएगा. सरकार ने राहत वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तहसीलदार और जिला प्रशासन को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है. एक ही किसान को दोबारा सहायता न मिले, इसकी निगरानी की जाएगी. सहायता वितरण पूरा होने के बाद सभी लाभार्थियों की सूची संबंधित जिलों की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित करना भी अनिवार्य किया गया है. राज्य सरकार का मानना है कि यह आर्थिक सहायता बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को आगामी खेती के मौसम के लिए आवश्यक संबल प्रदान करेगी.
* संभागवार सहायता राशि
– अमरावती संभाग (अमरावती, अकोला, यवतमाल, बुलढाणा, वाशिम): 28,751 किसान, 30,325.10 हेक्टेयर क्षेत्र, 68.09 करोड़ रुपये
– नागपुर संभाग: 7,413 किसान, 6.07 करोड़ रुपये
– नाशिक संभाग: 4,399 किसान, 5.24 करोड़ रुपये
– पुणे संभाग: 3,259 किसान, 3.73 करोड़ रुपये
– छत्रपति संभाजीनगर संभाग: 594 किसान, 76.99 लाख रुपये
– कोंकण संभाग: 626 किसान, 32.14 लाख रुपये





