नवनीत राणा ने नुकसानग्रस्त किसानों के खेतों का किया दौरा
फर्जी बीज कंपनियों पर एफआईआर और 8 दिन में मुआवजे की मांग

अमरावती/दि.14- भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा ने अमरावती जिले के विभिन्न तहसीलों का दौरा कर फर्जी बीजों के कारण प्रभावित किसानों के खेतों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फर्जी बीज उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज किए जाएं तथा प्रभावित किसानों को आठ दिनों के भीतर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए.
निरीक्षण के दौरान कई किसानों ने बताया कि पहली बुवाई के बाद भी बीजों का अंकुरण नहीं हुआ, जिससे उन्हें दोबारा बुवाई करनी पड़ी और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. किसानों ने आशंका जताई कि इससे पूरे खरीफ सीजन पर संकट आ गया है और कर्ज का बोझ भी बढ़ेगा. पूर्व सांसद नवनीत राणा ने कृषि अधिकारियों से कहा कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए. उन्होंने प्रत्येक नुकसानग्रस्त किसान को शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा, किसान देश का अन्नदाता है. फर्जी बीजों के कारण किसानों का केवल आर्थिक नुकसान नहीं हुआ है, बल्कि पूरे खेती के मौसम पर संकट आ गया है. हर प्रभावित किसान को न्याय दिलाने के लिए मैं शासन स्तर पर लगातार प्रयास करूंगी.
नवनीत राणा ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर राज्य के कृषि मंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर पूरी स्थिति से अवगत कराया है. साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी विशेष राहत पैकेज मंजूर करने और प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी. उन्होंने कृषि विभाग से प्रत्येक गांव में नुकसानग्रस्त किसानों के पंचनामे जल्द पूरे कर शासन को रिपोर्ट भेजने तथा फर्जी बीजों की आपूर्ति करने वाली कंपनियों को ब्लैकलिस्ट कर उनके लाइसेंस रद्द करने की मांग भी की. दौरे के दौरान तहसील कृषि अधिकारी अक्षय क्षीरसागर, पंचायत समिति कृषि अधिकारी रविकांत उईके, प्रवीण मडगे, उपेंद्र बछले, रवींद्र गवई, आसिफ खान, आनंदसिंह गौर, तमिज शाह, बबलू वानखड़े, अमोल धोत्रे, संतोष ठाकरे तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.