सेक्स रैकेट की आड में ब्लैकमेलिंग और संगठित अपराध

हाई-प्रोफाइल ग्राहकों लिप्त होने की बात उजागर

* सामरा नगर में पकडे गए देह व्यापार का मामला
 अमरावती/दि.14– विगत कुछ दिनों पूर्व राजापेठ पुलिस ने सामरा नगर इलाके में चल रहे एक बडे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए देह व्यापार कराने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जांच जैसे-जैसे आगे बढ रही है, यह मामला अब केवल एक देह व्यापार तक सीमित न रहकर एक बडे संगठित अपराध और ब्लैकमेलिंग रैकेट के रुप में सामने आ रहा हैं.
जानकारी के मुताबिक जांच के दौरान पकडी गई महिलाओं और मुख्य संचालकों से हुई पूछताछ में चौकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. जांच में यह बात पुष्ट हुई है कि, यह गिरोह न केवल देह व्यापार में लिप्त था, बल्कि कई प्रभावशाली और रसूखदार लोगों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल भी कर रहा था. ग्राहकों की सूची में शहर के कुछ शौकीन सरकारी कर्मचारी और अन्य रसूखदार लोग भी शामिल पाए गए हैं, जिनके संपर्क इन महिलाओं से थे. पुलिस अब इन सभी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है और जल्द ही इस मामले में कई बडे खुलासे करने की तैयारी में है.
पुलिस निरीक्षक संदीप चौहान के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद से शहर में हडकंप मचा हुआ है. पुलिस ने मकान मालिकों के लिए एक विशेष चेतावनी जारी की है. पुलिस का कहना है कि, अपना फ्लैट या मकान किराए पर देने से पहले किराएदार की पूरी पहचान और उसके उद्देश्य की पुष्टि करना अनिवार्य है. यदि कोई अनैतिक गतिविधि पकडी जाती है, तो जानकारी के अभाव में मकान मालिक को भी इस मामले में आरोपी बनाया जा सकता है. राजापेठ पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, इन महिलाओं को किन माध्यमों से लाया गया था और इस रैकेट के पीछे के मास्टरमाइंड कौन हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से उन रसूखदार लोगों की नींद उडी हुई है, जिनके नाम इस गिरोह के संपर्क सूची में मिले हैं.

Back to top button