श्रीकांत शिंदे कैबिनेट मंत्री की दौड़ में सबसे आगे

केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज, राज्यमंत्री पद पर कई दावेदार

नई दिल्ली/दि.14 – केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सूत्रों के अनुसार, एनडीए सरकार के प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार में शिवसेना (शिंदे गुट) को एक कैबिनेट और एक राज्य मंत्री पद मिल सकता है. हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक मंत्रिमंडल विस्तार की कोई आधिकारिक घोषणा या तारीख जारी नहीं की गई है.
सूत्रों का दावा है कि सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे का नाम कैबिनेट मंत्री पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है. वहीं, राज्य मंत्री पद के लिए पार्टी के कई सांसदों के बीच दावेदारी चल रही है. इसी बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंचे. उनके केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है. माना जा रहा है कि इस दौरान महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम के साथ-साथ संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक, राज्य मंत्री पद के लिए ओमराजे निंबालकर, संजय जाधव और अन्य सांसदों के नामों पर विचार किया जा रहा है. पार्टी के भीतर इस बात पर भी मंथन जारी है कि प्रतिनिधित्व विदर्भ को दिया जाए या मराठवाड़ा को.
हाल ही में उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने के बाद लोकसभा में शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसदों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है. इसके बाद केंद्र में पार्टी का राजनीतिक महत्व बढ़ा है और इसी आधार पर अतिरिक्त मंत्री पद मिलने की संभावना जताई जा रही है. शिवसेना में शामिल हुए छह सांसदों में संजय दिना पाटिल, ओमराजे निंबालकर, संजय जाधव, संजय देशमुख, नागेश पाटिल-आष्टीकर और भाऊसाहेब वाकचौरे शामिल हैं. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर फिलहाल केवल सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है. सरकार या भाजपा-शिवसेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

Back to top button