दोस्त ने दोस्त की गला घोंटकर की हत्या, खेत में मिला शव

पत्नी से अवैध संबंध बने जानलेवा, जलगांव जिले की घटना

जलगांव /दि.14– महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रावेर क्षेत्र में अवैध संबंधों के चलते एक 30 वर्षीय मजदूर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक की पत्नी से कथित अवैध संबंध रखने वाले उसके ही दोस्त ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है.
जानकारी के मुताबिक मृतक शेख कुर्बान शेख शब्बीर (30), निवासी ऐनपुर रविवार रात से लापता था. सोमवार सुबह नांदूरखेडा स्थित एक कपास के खेत में उसका शव मिला. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गणेश संजय घोरपड़े के मृतक की पत्नी से कथित अवैध संबंध थे. अप्रैल 2026 में मृतक ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था, जिसके बाद आरोपी की पिटाई भी हुई थी. पुलिस के मुताबिक, इसी घटना की रंजिश में आरोपी ने मृतक को जान से मारने की धमकी दी थी.
प्राथमिक जांच के मुताबिक घटना वाली रात गणेश घोरपड़े और उसके साथी मेघराज वसंत सांगले ने मृतक को शराब पिलाई और मोटरसाइकिल से नांदूरखेडा के खेत में ले गए. वहां दोनों ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव कपास के खेत में फेंककर फरार हो गए. मृतक के भाई शेख सलमान शेख शब्बीर की शिकायत पर रावेर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.

Back to top button