सद्गुरु स्वामी टेउंरामजी महाराज का 140 वां जन्मोत्सव कल से
बडनेरा के स्वामी शांति प्रकाश आश्रम में पांच दिन विविध धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन

अमरावती/दि.14 – बडनेरा स्थित स्वामी शांति प्रकाश आश्रम, स्वामी टेऊंराम नगर में 1008 सद्गुरु स्वामी टेऊंरामजी महाराज का 140वां जन्मोत्सव 15 से 19 जुलाई 2026 तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा. पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान सत्संग, भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रथयात्रा, महाप्रसाद सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होंगे.
महोत्सव का शुभारंभ 15 जुलाई को सुबह 8:30 बजे साईं जशनलालजी महाराज के मुखारविंद से सत्संग, जन्म साखी एवं पलव साहिब के वाचन के साथ होगा. रात में सांस्कृतिक नाट्य प्रस्तुति तथा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. 16 और 17 जुलाई को स्वामी टेऊंरामजी के जीवन चरित्र पर प्रश्नोत्तरी, साईं महिमा, वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह, श्रीमद्भागवत महापुराण, श्रीमद्भगवद्गीता पाठ, भोग साहिब एवं महाआरती जैसे धार्मिक कार्यक्रम होंगे. वहीं रात में प्रसिद्ध भजन गायक सन्नी मुलचंदाणी (नवसारी) और अनिल भगत (उल्लासनगर) की भजन संध्या श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेगी. 18 जुलाई को शाम 5 बजे से 8 बजे तक स्वामी टेऊंरामजी महाराज की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी. इसके बाद जयंती महोत्सव, प्रभात फेरी, अभिषेक, श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ का भोग साहिब तथा 140 व्यंजनों की भव्य भोग झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी. महोत्सव का समापन 19 जुलाई को प्रेम प्रकाश नवयुवक मंडली, उल्लासनगर-5 द्वारा आयोजित भजन संध्या, सत्संग, बधाई गीत, केक कटिंग और जन्मोत्सव समारोह से होगा. इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा. आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सद्गुरु स्वामी टेऊंरामजी महाराज के 140वें जन्मोत्सव में सहभागी बनने और धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की है.





