मंगलसूत्र गिरवी रखकर खरीदे बीज, अंकुरित नहीं हुई फसल

किसानों का एसडीओ कार्यालय पर प्रदर्शन

चांदूर रेलवे/दि.16 -घटिया सोयाबीन बीजों से फसल खराब होने से नाराज चांदूर रेलवे तहसील के सैकड़ों किसानों ने सोमवार को उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पर प्रदर्शन कर दोषी बीज कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल मुआवजे की मांग की. किसानों ने आरोप लगाया कि कर्ज लेकर और महिलाओं के मंगलसूत्र तक गिरवी रखकर खरीदे गए बीज बोने के बाद भी खेतों में अंकुरण नहीं हुआ, जिससे उन्हें दोबारा बुआई करनी पड़ रही है.
राजुरा, निम्बा, धनोरा (मोगल), दिघी (कोल्हे), एकपाला, सोनोरा (भीलटेक), टोंगलाबाद, पलासखेड़ और वाई सहित कई गांवों के किसानों ने विभिन्न कंपनियों के सोयाबीन बीज खरीदे थे. किसानों का कहना है कि बुआई के 10 से 12 दिन बाद भी कई खेतों में बीज अंकुरित नहीं हुए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.

* दोषी कंपनियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
किसानों ने उपविभागीय अधिकारी तेजश्री कोरे को ज्ञापन सौंपकर दोषी बीज कंपनियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई, प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता और भविष्य में नकली व घटिया बीजों की बिक्री पर स्थायी रोक लगाने की मांग की. इस दौरान तालुका कृषि अधिकारी संचित धाकरे को भी शिकायतें सौंपी गईं.

* बीज की खाली थैलियां पहनकर किया अनोखा प्रदर्शन
राजुरा के किसान एवं ग्राम पंचायत सदस्य भूषण काले ने घटिया बीजों की खाली थैलियां पहनकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया. उनके इस अनोखे प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया.

* 139 शिकायतें दर्ज, सर्वे जारी
तालुका कृषि अधिकारी संचित धाकरे ने बताया कि अब तक बीज अंकुरित नहीं होने की 139 शिकायतें प्राप्त हुई हैं. इनमें से 20 किसानों के खेतों का सर्वे पूरा हो चुका है. कुछ बीज कंपनियों के खिलाफ शिकायतें दर्ज की गई हैं और जांच रिपोर्ट जल्द ही एसडीओ समिति के माध्यम से राज्य सरकार को भेजी जाएगी.

Back to top button