पूर्व सैनिक के यहां 12 बोर बंदूक, 20 कारतूस समेत लाखों का माल चोरी

गजानन नगर की घटना, सोने के आभूषण और नकदी भी ले उड़े चोर

* हथियार चोरी होने से पुलिस अलर्ट
अमरावती/दि.17– अमरावती के गजानन नगर क्षेत्र में चोरों ने एक पूर्व सैनिक के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाइसेंसी 12 बोर बंदूक, 20 जिंदा कारतूस, सोने के आभूषण और नकदी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया. यह घटना गुरुवार 16 जुलाई को दोपहर में उजागर हुई.
जानकारी के मुताबिक गजानन नगर निवासी 52 वर्षीय देवीदास चव्हाण वर्ष 2010 में जम्मू-कश्मीर से भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे. 15 जुलाई को वे अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार को सांप काटने की घटना तथा धार्मिक सत्संग कार्यक्रम के कारण गांव गए हुए थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. घर लौटने पर चव्हाण ने देखा कि अलमारी में रखी उनकी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक और 20 जिंदा कारतूस गायब हैं. इसके अलावा चोर सोने का हार, एक सोने का छोटा बार तथा करीब 1.50 लाख रुपये नकद भी चुरा ले गए. बताया गया कि यह बंदूक उन्होंने अपनी सैन्य सेवा के दौरान जम्मू-कश्मीर से खरीदी थी. घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई. सूचना मिलते ही गाडगेनगर पुलिस थाना प्रभारी गोरखनाथ जाधव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का पंचनामा किया. लाइसेंसी हथियार चोरी होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

Back to top button