सोलर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाइए, प्रशिक्षण के साथ मिलेगा ब्याजमुक्त कर्ज

अमृत ईवी योजना’ से युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार का अवसर

* तकनीकी प्रशिक्षण और परियोजना सहायता भी मिलेगी
अमरावती/दि.17- राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सोलर ऊर्जा आधारित ईवी चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क विकसित करने के उद्देश्य से ‘अमृत’ संस्था ने अमृत ईवी योजना शुरू की है. योजना का उद्देश्य केवल चार्जिंग स्टेशन स्थापित करना ही नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को भी बढ़ावा देना है.
वर्तमान में इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन चार्जिंग स्टेशनों की कमी के कारण वाहन चालकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इस समस्या के समाधान के लिए सौर ऊर्जा से संचालित चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण, परियोजना रिपोर्ट तैयार करने में मार्गदर्शन, व्यवसायिक सलाह, समन्वय सहयोग तथा चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए ब्याजमुक्त कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा. प्रशिक्षण अवधि के दौरान पात्र उम्मीदवारों को पॉकेट मनी भी प्रदान किए जाने का प्रावधान है.

* कौन कर सकता है आवेदन?
योजना के लिए युवा, महिला उद्यमी, स्वयं सहायता समूह, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग संचालक, किसान उत्पादक कंपनियां, सहकारी संस्थाएं तथा ग्रामीण क्षेत्रों के इच्छुक नागरिक आवेदन कर सकते हैं.

* चार्जिंग स्टेशन के लिए आवश्यक शर्तें
– हाईवे, मुख्य सड़क या प्रमुख स्थान के समीप उपयुक्त भूमि.
– सोलर पैनल और ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए आवश्यक स्थान.

* आवश्यक दस्तावेज
आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज आवेदन के साथ जमा करने होंगे. योजना के माध्यम से राज्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित ऊर्जा आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है.

Back to top button