आकाशवाणी की ‘बी-हाई ग्रेड’ कलाकार बनीं शुभलक्ष्मी कुलकर्णी

एमबीबीएस की छात्रा ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन में हासिल की बड़ी उपलब्धि

* देशभर की चयन प्रक्रिया में मिली सफलता
अमरावती/दि.18– डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, अमरावती की एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा तथा यवतमाल निवासी कु. शुभलक्ष्मी प्रसाद कुलकर्णी का चयन प्रसार भारती के आकाशवाणी द्वारा आयोजित हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन की ऑडिशन प्रक्रिया में ‘बी-हाई ग्रेड’ कलाकार के रूप में हुआ है. देशभर के प्रतिभाशाली कलाकारों के बीच कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद मिली यह सफलता उनके निरंतर रियाज, संगीत साधना और प्रतिभा का प्रमाण मानी जा रही है.
शुभलक्ष्मी वर्तमान में अमरावती स्थित डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं. व्यस्त चिकित्सा शिक्षा के साथ उन्होंने संगीत की साधना भी लगातार जारी रखी और दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. उन्होंने हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में ‘विशारद’ की उपाधि प्राप्त की है. शास्त्रीय, उपशास्त्रीय, भक्ति संगीत, सुगम संगीत तथा गजल गायन में भी उनकी विशेष पहचान है. विदर्भ के अनेक प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंचों पर उन्होंने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीता है. इसके अलावा जिला, विदर्भ और राज्य स्तरीय संगीत प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने कई पुरस्कार और सम्मान प्राप्त किए हैं.
उनकी प्रमुख उपलब्धियों में नादब्रह्म सावंतवाड़ी द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित नाट्यगीत प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक के प्रतिभागियों के बीच खुले वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त करना भी शामिल है. आकाशवाणी की ‘बी-हाई ग्रेड’ मान्यता मिलने के बाद शुभलक्ष्मी को अब आकाशवाणी के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा, जिसे उनके संगीत जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है. शुभलक्ष्मी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु स्वर्गीय विजय दुरतकर और पंडित श्यामकांत बर्वे के मार्गदर्शन को दिया. उन्होंने अपने माता-पिता प्रसाद कुलकर्णी और पौर्णिमा कुलकर्णी सहित परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन को भी अपनी सफलता का आधार बताया. इस उपलब्धि पर डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने शुभलक्ष्मी को बधाई दी. संस्था के अध्यक्ष योगेंद्र गोडे, सचिव तन्वी गोडे तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. योगेश गोडे ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Back to top button