एफडीए ने बंद करवाई होस्टल की कैंटींन

अमरावती विद्यापीठ में फिर हुई जांच

* गंदगी के माहौल में बनाया जा रहा था भोजन
अमरावती/दि.2 – संत गाडगेबाबा अमरावती विश्वविद्यालय के बॉइज होस्टल की कैंटींन पर अन्न व औषधि प्रशासन एफडीए का हंटर चला है. कैंटींन को गंदगी के कारण एफडीए ने सील कर दिया है. मंगलवार को एफडीए की टीम द्वारा वहां धडक देने पर देखा गया कि, न केवल अनाज और सामग्री गंदगी भरे आलम में रखी गई है, बल्कि भोजन बनाने की जगह भी अस्वच्छ दिखाई पडी. आनन-फानन में एफडीए ने भोजन कक्ष को सील लगा देने का समाचार है.
जानकारी के अनुसार एफडीए हालही में कैंटींन के निरीक्षण हेतु तीसरी बार विद्यापीठ पहुंचा. राज्य में तुकाराम मुंढे के एफडीए आयुक्त बनने के बाद प्रशासन गतिमान हुआ है. इसी कडी में विद्यापीठ के बॉइज होस्टल की कैंटींन का निरीक्षण किया गया. वहां देखा गया कि, आवश्यक लाइसेंस भी कैंटींन संचालक के पास नहीं है. हर जगह सफाई का घोर अभाव दिखाई दिया. उसी प्रकार कैंटींन चलाने किसी को दी गई थी. कोई और उसे चला रहा था. यह सब देख एफडीए ने तुरंत कैंटींन सील की. बॉइज होस्टल के सैकडों विद्यार्थियों को अब दूसरा खाने का ठिकाना खोजना पडेगा. इस कैंटींन में 200-300 विद्यार्थियों के भोजन का प्रबंध होता था. एफडीए के कडे एक्शन से कैंटींन पर कार्रवाई का हंटर चला है.

Back to top button