7.50 मीटर सड़क वाले लेआउट की खरीद-फरोख्त फिर शुरू

एकता प्रॉपर्टी ब्रोकर एसो. के प्रयासों से दुय्यम निबंधक कार्यालय में हुआ शुभारंभ

* अमरावती प्रॉपर्टी क्षेत्र को मिली बड़ी राहत, प्रॉपर्टी कारोबारियों ने जताई खुशी
अमरावती/दि.23- शहर में पिछले कई महीनों से 7.50 मीटर सड़क वाले लेआउट की खरीद-फरोख्त और दस्त पंजीयन को लेकर चल रही अनिश्चितता के बीच गुरुवार को प्रॉपर्टी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण राहतभरी खबर सामने आई. अमरावती एकता प्रॉपर्टी ब्रोकर एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलास गिरोलकर तथा एसो. के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के संयुक्त प्रयासों से 7.50 मीटर सड़क वाले लेआउट की खरीद-बिक्री प्रक्रिया का शुभारंभ अमरावती के दुय्यम निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) कार्यालय में किया गया. इस अवसर पर प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े बड़ी संख्या में ब्रोकर, लेआउट डेवलपर और नागरिक उपस्थित रहे. लंबे समय से रुके हुए अनेक व्यवहार अब दोबारा शुरू होने से रियल एस्टेट क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया.
उल्लेखनीय है कि शहर में 7.50 मीटर सड़क वाले कई लेआउटों के दस्त पंजीयन और खरीद-फरोख्त को लेकर तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न अड़चनें सामने आ रही थीं. इसके कारण अनेक संपत्ति व्यवहार लंबित थे और खरीदारों तथा विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था. प्रॉपर्टी ब्रोकरों और नागरिकों द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाया जा रहा था. एकता प्रॉपर्टी ब्रोकर एसो. ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ संवाद स्थापित किया और व्यवहार शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए. इसके परिणामस्वरूप अब 7.50 मीटर सड़क वाले लेआउटों के दस्त पंजीयन का मार्ग प्रशस्त हुआ है. रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि इस निर्णय से शहर के प्रॉपर्टी बाजार को नई गति मिलेगी. अनेक लेआउटों में रुके हुए सौदे अब पूरे हो सकेंगे, जिससे खरीदारों, विक्रेताओं, डेवलपर्स और ब्रोकरों को राहत मिलेगी. साथ ही निर्माण क्षेत्र और उससे जुड़े व्यवसायों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.
अमरावती दुय्यम निबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधिवत रूप से खरीद-फरोख्त प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया. उपस्थित सदस्यों ने इसे प्रॉपर्टी क्षेत्र के लिए सकारात्मक और ऐतिहासिक कदम बताते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में अमरावती एकता प्रॉपर्टी ब्रोकर एसो. के अध्यक्ष कैलास गिरोलकर के नेतृत्व में संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे. इनमें प्रमुख रूप से मनीष पानपालिया, रामू श्रीवास, किशोर भुयार, किशोर देशमुख, रवी वानखडे, गजू बरवत, मयूर जिरापुरे, मोईन खान, दिनेश गडलिंग, बंडू दाभाने, मनीष खोंडे, अज्जू खान, वसीम शेख, कासार, कुणाल आसरे, शैलेश वाजूरकर, संजू पवार, संज्जू आप्पा, काकडे काका, मुक्कादार, छोटू मामू, कोल्हे, प्रमोद लंगडे, ओमकार गिरपूनजे, आत्राम, राजू माने, अय्याज, राहुल गिरोलकर, मनीष खुणे सहित अन्य सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे.
इस अवसर पर अध्यक्ष कैलास गिरोलकर ने कहा कि 7.50 मीटर सड़क वाले लेआउट की खरीद-फरोख्त शुरू होना हजारों नागरिकों, प्लॉट धारकों और प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए राहत की बात है. उन्होंने कहा कि एसोसिएशन आगे भी प्रॉपर्टी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए प्रयासरत रहेगी. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे का अभिनंदन करते हुए उम्मीद जताई कि इस निर्णय से अमरावती के रियल एस्टेट क्षेत्र में फिर से तेजी आएगी और लंबे समय से लंबित संपत्ति व्यवहारों को गति मिलेगी.

Back to top button