वे पुलिसकर्मी उतने बुरे नहीं जितने दिखे’

जेब में 50 ग्राम पाउडर डाल दूंगा’ कहने वाले मुंबई पुलिसकर्मी के समर्थन में आया युवक

मुंबई /दि.25– तुम्हारी जेब में 50 ग्राम पाउडर डालकर कार्रवाई कर दूंगा जैसी धमकी देने वाले मुंबई पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था. अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है. घटना के समय पुलिस वाहन में मौजूद तीन युवकों में से एक ने सामने आकर पुलिसकर्मी का बचाव किया है और मुंबई पुलिस प्रशासन से उन्हें लंबे समय तक निलंबित न रखने की अपील की है.
युवक ने जारी वीडियो में सबसे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और अमित ठाकरे का आभार व्यक्त किया. उसने कहा कि आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा छात्रों को हिरासत में लिए जाने के बाद राज ठाकरे और अमित ठाकरे ने मध्यस्थता कर पुलिस से बातचीत की, जिसके बाद छात्रों को सुरक्षित छोड़ दिया गया.
युवक ने बताया कि वायरल वीडियो का केवल एक हिस्सा सामने आया है, जबकि पूरी घटना का दूसरा पहलू भी है. उसके अनुसार, शुरुआत में पुलिसकर्मी का व्यवहार और भाषा भले ही सख्त लगी हो, लेकिन बाद में उन्होंने सभी के साथ दोस्ताना व्यवहार किया. वाहन में गर्मी लगने पर उन्होंने तुरंत एसी चालू कर दिया और सफर के दौरान माहौल हल्का रखने के लिए गाने सुनने की भी अनुमति दी.
युवक ने दावा किया कि संबंधित पुलिसकर्मी ने उनसे कहा कि उनके साथी अभी भी आंदोलन स्थल पर मौजूद हैं और वे जाकर उनके साथ शामिल हो सकते हैं. इसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित आंदोलन स्थल तक पहुंचा दिया. वीडियो के अंत में युवक ने मुंबई पुलिस प्रशासन से अपील की कि संबंधित पुलिसकर्मी को लंबे समय तक निलंबित न रखा जाए. उसने कहा कि जल्द ही गणेशोत्सव शुरू होने वाला है, इस दौरान मुंबई पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी जिम्मेदारी रहती है. ऐसे में पुलिसकर्मी पर अत्यधिक कठोर कार्रवाई न की जाए.

Back to top button