55 मांगों को लेकर दिव्यांग समाज का राज्यव्यापी ज्ञापन अभियान शुरू

‘36 जिले - 9 महीने - 55 मांगें’ अभियान का अमरावती से शुभारंभ

* मुख्यमंत्री के नाम सौंपे जाएंगे ज्ञापन
अमरावती/दि.27- भाजपा दिव्यांग विकास आघाड़ी, महाराष्ट्र प्रदेश एवं दिव्यांग जनसंवाद फाउंडेशन के संयुक्त नेतृत्व में दिव्यांग नागरिकों के अधिकार, सम्मान, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक न्याय की मांग को लेकर राज्यव्यापी ‘36 जिले – 9 महीने – 55 मांगें’ अभियान का रविवार को अमरावती से शुभारंभ किया गया.
आयोजित पत्रकार परिषद में अभियान के प्रमुख अम्मोल देवाजी वालके ने बताया कि आगामी नौ महीनों में महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों का दौरा कर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम 55 प्रमुख मांगों का ज्ञापन संबंधित जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य के लाखों दिव्यांग नागरिक आज भी शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं. इन समस्याओं के समाधान और दिव्यांगों के अधिकारों की प्रभावी पैरवी के उद्देश्य से यह व्यापक अभियान शुरू किया गया है.
पत्रकार परिषद में अभियान की 55 प्रमुख मांगों की जानकारी दी गई. इनमें दिव्यांग पेंशन को 6 हजार प्रतिमाह करने, प्रत्येक माह की 5 तारीख तक पेंशन जमा कराने, सभी जिलों में ई-रिक्शा और स्कूटी वितरण, दिव्यांग जनसंवाद को सरकारी कार्यक्रम घोषित करने, 15 लाख तक स्वास्थ्य बीमा, स्नातक दिव्यांगों को रोजगार अथवा 15 हजार मासिक मानदेय, 6 प्रतिशत आरक्षण का प्रभावी क्रियान्वयन, सभी सरकारी कार्यालयों को पूर्णतः सुगम (एक्सेसिबल) बनाना, प्रत्येक जिले में दिव्यांग सहायता केंद्र की स्थापना, दिव्यांग महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष योजनाएं तथा आरपीडब्ल्यूडी एक्ट-2016 का कड़ाई से पालन जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं. अभियान के दौरान प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी, जिला परिषद, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को सौंपा जाएगा. साथ ही दिव्यांग नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. अभियान के संयोजक अम्मोल देवाजी वालके ने राज्य सरकार से मांगों पर सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लेकर लाखों दिव्यांग नागरिकों को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन सुनिश्चित करने की अपील की. इस अवसर पर मेघा वालके, रेणुका बोबड़े, ललिता गोतमारे, अपर्णा खोडे, पूर्वी चौरसिया, मोहम्मद मुजम्मिल अब्दुल वशीर, पुष्पेंद्र, गोकुल सुरपटणे, अक्षय लागणे, दिनेश आलसपुरे, अमोल पावडे तथा सागर ठाकरे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Back to top button