विश्वस्तरीय हाईरॉक्स प्रतियोगिता में पुलिस जवान मयूर बोरेकर का शानदार प्रदर्शन
दिल्ली में था स्पर्धा का आयोजन

अमरावती /दि.28 – पुलिस आयुक्तालय, अमरावती शहर के अंतर्गत साइबर पुलिस थाना में कार्यरत पुलिस अमलदार मयूर बोरेकर ने नई दिल्ली में आयोजित विश्वस्तरीय हाईरॉक्स फिटनेस प्रतियोगिता को 1 घंटे 59 मिनट में सफलतापूर्वक पूरा कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की.
हाईरॉक्स दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण फिटनेस प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है. इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को 8 किलोमीटर दौड़ के साथ-साथ 8 कठिन फंक्शनल वर्कआउट स्टेशनों (स्लेज पुश, स्लेज पुल, रोइंग, बर्पी ब्रॉड जंप, फार्मर्स कैरी, सैंडबैग लंज, वॉल बॉल आदि) को पूरा करना होता है. शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और मानसिक दृढ़ता की कठिन परीक्षा लेने वाली यह प्रतियोगिता विश्वभर में अत्यंत प्रतिष्ठित मानी जाती है. पुलिस अमलदार मयूर बोरेकर की इस सफलता के पीछे उनका कठोर परिश्रम, अनुशासित जीवनशैली और निरंतर फिटनेस प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान है. उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से अमरावती शहर पुलिस का गौरव बढ़ा है, साथ ही उन्होंने युवाओं के समक्ष फिटनेस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है.





