सांसद बलवंत वानखडे ने संसद के मकरद्वार पर किया प्रदर्शन

ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस व मविआ का आंदोलन

नई दिल्ली/दि.28 – महाराष्ट्र में औषध निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक के मामले को लेकर मंगलवार को महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के सांसदों ने संसद भवन के मकरद्वार के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. सांसदों ने राज्य सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की. इस प्रदर्शन में अमरावती के सांसद बलवंत वानखडे ने भी हिस्सा लिया.
इस दौरान सांसद बलवंत वानखड़े ने कहा कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों को राजनीतिक संरक्षण देना या उन्हें बचाने का प्रयास करना पूरी तरह अस्वीकार्य है. पेपर लीक के प्रत्येक मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर विद्यार्थियों के मन में अनेक शंकाएं और सवाल हैं. सरकार की जिम्मेदारी है कि इन सभी आशंकाओं का समाधान कर भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा युवाओं का विश्वास पुनः स्थापित किया जाए.
महाविकास आघाड़ी के सांसदों ने मांग की कि ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा से जुड़े पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराई जाए, दोषियों की पहचान सार्वजनिक की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं.

Back to top button