अमरावती में आज भारी बारिश का अलर्ट
प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

अमरावती/दि.28 – महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है, लेकिन आज (28 जुलाई) मौसम विभाग ने विदर्भ सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है. इसी के मद्देनज़र अमरावती जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, अमरावती जिले में दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. कई स्थानों पर अल्प समय में भारी वर्षा हो सकती है. प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. विदर्भ में अमरावती के अलावा नागपुर, वर्धा, वाशिम, यवतमाल, बुलढाणा, भंडारा, चंद्रपुर, गोंदिया और गडचिरोली जिलों के लिए भी भारी बारिश को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है. इनमें चंद्रपुर, गोंदिया और गडचिरोली में कहीं-कहीं अति भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है. गौरतलब है कि जुलाई महीने में अब तक सामान्य से कम बारिश होने के कारण मानसून की रफ्तार धीमी रही, लेकिन अब मौसम विभाग ने बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के संकेत दिए हैं. प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
* रात से ही रिमझिम बारिश
अमरावती शहर सहित संपूर्ण जिले में सोमवार की रात से ही रिमझिम बारिश शुरु हो गई. मंगलवार को सुबह से ही बदरीला मौसम था और करीबन 7 बजे से बारिश शुरु हो गई. बारिश के कारण बाजारों में भीड काफी कम दिखाई दी. सडकों पर भी वाहनों की आवाजाही काफी कम थी. लेकिन सुबह 10 बजे के बाद बारिश रुक जाने पर चहल-पहल दिखाई दी.