सिपना नदी में डूबे युवक का शव बरामद

जिला खोज एवं बचाव दल को दूसरे दिन मिली सफलता

धारणी/दि.28 – अमरावती जिले के धारणी तहसील स्थित ग्राम उतावली के पास सिपना नदी में डूबे युवक का शव जिला खोज एवं बचाव दल ने दूसरे दिन सफल खोज अभियान के दौरान बरामद कर लिया. शव को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक धारणी तहसील के उतावली ग्राम निवासी चंद्रकांत हरिदास पटेल (35) नामक युवक 27 जुलाई की सुबह करीब 6.30 बजे सिपना नदी में तैरने गया था. मानसून में पानी की गहराई का अनुमान न लगने से वह पानी के तेेज प्रवाह में बहता गया और डूब गया. ग्रामवासियों को यह पता चलते ही उन्होंने तत्काल धारणी पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही धारणी पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. पुलिस ने आपदा व्यवस्थापन दल को सूचित किया. घटना की सूचना मिलते ही जिला नियंत्रण कक्ष को अवगत कराया गया. इसके बाद जिलाधिकारी आशीष येरेकर के निर्देश पर तथा निवासी उपजिलाधिकारी संतोष काकड़े और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी सुरेंद्र रामेकर के मार्गदर्शन में जिला खोज एवं बचाव दल को घटनास्थल पर रवाना किया गया. बचाव दल सुबह करीब 11.30 बजे मौके पर पहुंचा और गोताखोरों ने गल एवं हुक की सहायता से खोज अभियान शुरू किया. नदी के झरने के सामने पानी की गहराई लगभग 35 से 40 फीट होने और नदी में गहरी दरारें एवं चट्टानी संरचना होने के कारण खोज अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. देर शाम तक लगातार प्रयासों के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका और अंधेरा होने पर अभियान स्थगित कर दिया गया.
मंगलवार 28 जुलाई को सुबह 7.15 बजे बचाव दल ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया. लगभग 20 मिनट के भीतर गोताखोरों ने चंद्रकांत पटेल का शव नदी से बाहर निकाल लिया. इसके बाद शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए धारणी पुलिस के हवाले कर दिया गया. घटनास्थल पर खोज अभियान देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन, पुलिस पाटिल तथा राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया. खोज एवं बचाव दल में सचिन धरमकर, आकाश निमकर, मुकेश सदाशिव, सचिन पवार, गणेश कास्देकर, मनीष उताणे, प्रफुल्ल भुसारी, अजय आसोले तथा आपदा मित्र धीरज येवले, साजन तारेकर और दीपेश पाटोरकर शामिल थे.

Back to top button