जुआ अड्डों पर छापे में 28 जुआरी दबोचे गये

2.41 लाख का माल जब्त, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

अमरावती/दि.28 – अमरावती पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र में जुआ के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए पांच स्थानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 28 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके कब्जे से 2 लाख 41 हजार 740 का नकदी और जुआ सामग्री जब्त की गई.
जानकारी के मुताबिक 27 जुलाई को अपराध शाखा की विभिन्न टीमें गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. वलगांव थाना अंतर्गत ग्राम साहूर में पुलिस ने ‘एक्का-बादशाह’ नामक हार-जीत के जुए पर छापा मारकर 22 आरोपियों को पकड़ा. आरोपियों के पास से 2 लाख 33 हजार 200 का नकदी और अन्य सामान जब्त किया गया. सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंध अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया.
फ्रेजरपुरा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर वरली जुआ खेलते हुए राहुल नगर निवासी शेखर संजय गडलिंग (28), लोणी टाकली निवासी सागर गजानन पवार (31), गोपालपुर निवासी रवींद्र भीमराव वाकोडे (50) और सूरजसिंग कैलाससिंग चंदेल (37) ऐसे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. शुक्रवार बाजार और यशोदा नगर क्षेत्र से कुल 5 हजार 240 नकद एवं जुआ सामग्री जब्त की गई. आरोपियों के खिलाफ धारा 12(अ) के तहत कार्रवाई की गई. गाडगे नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर वरली जुआ खेलते मिले एक आरोपी सिद्धार्थ सुरेश रोकडे से 1 हजार 500 का सामान जब्त कर मामला दर्ज किया गया. इसी तरह नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के अकबर नगर नाले के पास सार्वजनिक स्थान पर वरली जुआ खेलते हुए एक आरोपी सैयद शकील सैयद यासीन (42) को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से 1 हजार 800 नकद और जुआ सामग्री जब्त कर धारा 12(अ) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने बताया कि शहर में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button