अमरावती के राजापेठ फ्लाईओवर पर भयंकर हादसा

ट्रक ने दुपहिया सवार मौसी-भांजी को पहुंचाया यमलोक

* इलेक्ट्रीक दुपहिया से जा रही थी महिलाएं
* गिट्टी-चूरा लदे ट्रक पर नहीं दिखा नंबर
* ड्राइवर वाहन छोडकर भागा
* शहर में हादसे के बाद शोक और क्षोभ
अमरावती/दि.28 – राजापेठ उडानपुल पर आज दोपहर 4.30 बजे के दौरान उस समय भयंकर दुर्घटना हो गई, जब गिट्टी के चूरा लदे बिना नंबर के ट्रक ने दुपहिया सवार दो महिला को बुरी तरह कुचल दिया. जिससे एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो जाने का समाचार है. दूसरी महिला की हालत भी चिंताजनक बतायी जा रही है. उसे वहां से गुजरते लोग ऑटो रिक्शा में डालकर जिला सामान्य अस्पताल इर्विन दौडे. उधर ट्रक का ड्राइवर कूदकर भाग जाने का समाचार मिला. प्रारंभिक सूचना के अनुसार दुपहिया सवार दोनों महिलाओं ने हेल्मेट धारण कर रखा था. उसके बावजूद एक की जान चली गई और दूसरी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है.
राजापेठ पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि की है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार राजापेठ से बडनेरा रोड और कंवर नगर की ओर जाते उडानपुल पर चढते ही दूसरे अथवा तीसरे पोल के बीच ही यह भयंकर हादसा हो गया. जब दुपहिया पर जाती दोनों महिलाओं गौरी प्रमोद धर्माले (27, बोरगांव धर्माले) और हर्षा आदेश गावंडे (39, देवरा, अमरावती) को ट्रक ने टक्कर मार दी. उनके गिरने के बाद प्रारंभिक सूचना के अनुसार दोनों महिलाओं के पैरों को कुचलते हुए ट्रक के पहिए गुजरे. एक महिला की ऑन स्पॉट मृत्यु हो जाने की पुष्टि मौके के प्रत्यक्षदर्शियों ने की. दूसरी महिला को बुरी तरह घायल अवस्था में लोगबाग अस्पताल लेकर दौडे. जानकारी के अनुसार गौरी और हर्षा आपस में मौसी-भांजी थी. वे इलेक्ट्रीक स्कूटर पर सवार होकर जा रही थी, तब भयंकर हादसा हो गया. सूत्रों ने बताया कि, गौरी धर्माले की मौके पर ही जान चली गई, जबकि हर्षा की सांसे चल रही थी. उसे लोगबाग जिला अस्पताल लेकर दौडे. अस्पताल में उपचार शुरु हो गया था, किंतु थोडी देर बाद हर्षा के भी प्राणपखेरु उड गए.
* भयंकर ट्रैफिक जाम
हादसे के तुरंत बाद बडनेरा रोड राजापेठ पर भयंकर यातायात जाम हो जाने का समाचार वहां से प्रत्यक्षदर्शियों ने अमरावती मंडल को दिया और बताया कि, राजापेठ-दीर्पाचन रोड-अंबादेवी रोड बंद किये जाने से भी इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भयंकर बढी. जिसके कारण आज की दुर्घटना के तुरंत बाद वहां लंबा जाम लग गया था. समाचार लिखे जाने तक राजापेठ पुलिस का दल मौके पर पहुंचा था. प्रारंभिक सूचना के मुताबिक गिट्टी का चूरा लदे ट्रक के दोनों ओर नंबर प्लेट नहीं थी. राजापेठ पुलिस वहां यातायात ठीक करने और अन्य काम में जुटी है.
* लोगों में शोक
हादसे की खबर शहर में जंगल के आग की तरह फैली. जिसने भी सुना उसका कलेजा मुंह को आ गया. लोगों ने दुर्घटना पर अपार दुख व्यक्त किया. वहीं कई अमरावतीवासियों ने चरमराती यातायात व्यवस्था को भी कोसा और अपना गुस्सा जाहीर किया. अमरावती में चल रही हेल्मेट सख्ती के बीच आज के भयंकर हादसे ने सभी को हिलाकर रख दिया.

Back to top button