अमरावती जिले में खरीफ बुआई 92 फीसद पूरी, 6.27 लाख हेक्टेयर में हुई खेती
सोयाबीन सबसे अधिक बोई गई फसल

* धारणी में शत-प्रतिशत और मोर्शी तहसील में सबसे कम 76 फीसद बुआई
अमरावती/दि.29 – खरीफ सीजन 2026-27 में अमरावती जिले में बुआई अंतिम चरण में पहुंच गई है. कृषि विभाग की 29 जुलाई की रिपोर्ट के अनुसार जिले में औसत 6,82,992.03 हेक्टेयर क्षेत्र के मुकाबले 6,27,183.08 हेक्टेयर में बुआई हो चुकी है. इस प्रकार जिले में अब तक 92 प्रतिशत बुआई पूरी हो गई है.
फसलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सोयाबीन किसानों की पहली पसंद बनी हुई है. जिले में 2,02,686.12 हेक्टेयर में सोयाबीन की बुआई की गई है. इसके अलावा अन्य तिलहनों सहित कुल 2,03,307.44 हेक्टेयर क्षेत्र में तिलहन फसलें बोई गई हैं. वहीं कुल 1,11,235.46 हेक्टेयर में दलहन तथा 46,379.16 हेक्टेयर में विभिन्न प्रकार के अनाजों की बुआई दर्ज की गई है. तहसीलवार स्थिति में धारणी ने 100 प्रतिशत बुआई पूरी कर सबसे आगे स्थान बनाया है. इसके बाद भातकुली (98%), दर्यापुर (98%), तिवसा (97%), नांदगांव खंडेश्वर (96%), अमरावती, चांदूर रेलवे और धामणगांव रेलवे में 94-94 प्रतिशत बुआई दर्ज की गई. अचलपुर में 91 प्रतिशत, अंजनगांव सुर्जी में 87 प्रतिशत तथा चांदूर बाजार में 84 प्रतिशत बुआई हुई है.
वहीं मोर्शी तहसील में सबसे कम 76 प्रतिशत और वरुड में 80 प्रतिशत बुआई दर्ज की गई है. कृषि विभाग का कहना है कि जहां बुआई शेष है, वहां मौसम अनुकूल रहने पर आने वाले दिनों में कार्य पूरा होने की संभावना है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जिले में इस वर्ष अधिकांश किसानों ने सोयाबीन की खेती को प्राथमिकता दी है. अब किसानों का ध्यान फसलों की सुरक्षा और संतुलित उर्वरक प्रबंधन पर है, ताकि बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके.





