फर्जी पहचान बनाकर घर में नौकरी, फिर लाखों की चोरी

‘बंटी-बबली’ पति-पत्नी गिरफ्तार

* फ्रेजरपुरा पुलिस ने 11.86 लाख रुपये के चोरी के गहने किए बरामद
* पहले भी कर चुके हैं इसी तरह की वारदात
अमरावती/दि.29 – फ्रेजरपुरा पुलिस ने घर में घरेलू सहायिका बनकर चोरी करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. दोनों आरोपियों ने फर्जी नाम से घर में काम हासिल किया और मौका मिलते ही लाखों रुपये के सोने व हीरे के आभूषण चोरी कर लिए. पुलिस ने उनके कब्जे से 11.86 लाख मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है. महिला का असली नाम दर्यापुर तहसील के माहुली धांडे ग्राम निवासी पूनम प्रवीण पवार (22) और उसके पति प्रवीण पंजाबराव पवार (35) है.
जानकारी के मुताबिक मंजुषा राजेंद्र जाधव (59), निवासी कैंप रोड, अमरावती ने अखबार में विज्ञापन देकर घर के काम के लिए एक महिला को रखा था. 13 जुलाई को उन्हें घर की अलमारी और लॉकर से सोने के आभूषण गायब मिले. उनकी शिकायत पर फ्रेजरपुरा थाने में बीएनएस की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फ्रेजरपुरा पुलिस की डीबी टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की. जांच में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली महिला की असली पहचान पूनम प्रवीण पवार (22) और उसके पति प्रवीण पंजाबराव पवार (35), निवासी माहुली धांडे, तहसील दर्यापुर, जिला अमरावती के रूप में हुई. पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली. पुलिस ने आरोपियों के पास से हीरे जड़ी सोने की एक कंगन, उसकी लगड़, 60 हीरे, तथा 4 ग्राम का मिनी मंगलसूत्र सहित कुल 11.86 लाख का चोरी का सामान बरामद किया है.
जानकारी के मुताबिक इसी ‘बंटी-बबली’ गिरोह ने पहले भी अमरावती के एक प्रतिष्ठित परिवार के घर में इसी तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं. इस उत्कृष्ट कार्रवाई पर पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने स्वयं फ्रेजरपुरा पुलिस थाने पहुंचकर जांच दल की सराहना की. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके एवं श्याम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर और नयन अलुरकर के मार्गदर्शन में थानेदार रविंद्र राजुलवार, पुलिस निरीक्षक समाधान वाठोरे, डीबी प्रभारी राहुल महाजन तथा उनकी टीम ने की.
* पुलिस की नागरिकों से अपील
फ्रेजरपुरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर में घरेलू सहायिका, रसोइया, चालक या केयरटेकर रखने से पहले उनकी पूरी पहचान का सत्यापन अवश्य करें. आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, स्थायी पता, फोटो और विश्वसनीय संदर्भ अपने पास रखें. साथ ही घर में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें, कीमती सामान सुरक्षित लॉकर में रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.

Back to top button