महिंद्रा प्राइड-नांदी फाउंडेशन के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण

श्रीमती केशरबाई लाहोटी महाविद्यालय में

अमरावती/दि.30 – श्री गणेशदास राठी छात्रालय समिति के अंतर्गत संचालित श्रीमती केशरबाई लाहोटी महाविद्यालय की करियर गाइडेंस समिति विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, रोजगारोन्मुख कौशल संवर्धन एवं करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से समय-समय पर विविध प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन करती रही है. इसी श्रृंखला में महाविद्यालय एवं महिंद्रा प्राइड क्लासरूम-नांदी फाउंडेशन के मध्य संपन्न एमओयू के अंतर्गत महिंद्रा प्राइड के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी फंड से महिला सशक्तिकरण की संकल्पना को साकार करते हुए छात्राओं के लिए एक सप्ताह के विशेष कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
21 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 जुलाई तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दो बैचों में किया गया, जिसमें महाविद्यालय के बी.ए., बी.कॉम., बी.सी.ए. एवं बी.बी.ए. अंतिम वर्ष की कुल 82 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की. प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को रोजगार एवं व्यक्तित्व विकास की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी विषयों-ग्रुप डिस्कशन, प्रभावी रिज्यूमे लेखन, कम्युनिकेशन स्किल्स, सॉफ्ट स्किल्स, बॉडी लैंग्वेज, मॉक इंटरव्यू तथा इंटरव्यू स्किल्स-पर व्यावहारिक एवं सहभागितापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया. प्रशिक्षण सत्र का कुशल संचालन महिंद्रा प्राइड के प्रशिक्षक श्री प्रतीक कांबले एवं सुश्री आसावरी मेहता ने किया. उनके मार्गदर्शन ने छात्राओं के आत्मविश्वास, संप्रेषण क्षमता तथा व्यावसायिक दृष्टिकोण को नई दिशा प्रदान की.
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजयकुमार भांगड़िया ने की. अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक उपलब्धियाँ ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रभावी संवाद कौशल, आत्मविश्वास, सकारात्मक व्यक्तित्व तथा व्यावसायिक दक्षता भी सफलता के लिए समान रूप से आवश्यक हैं. उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाते हुए स्वयं को निरंतर विकसित करें तथा महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं रोजगार क्षमता को सुदृढ़ बनाने के लिए ऐसे उपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा.
शर्वरी इंगोले, ऋतुजा वानखेड़े, कोमल बांकर, आनंदी ठाकरे, सुहानी शेलोकार एवं संयुक्ता भुगे को ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया गया. इस अवसर पर प्राची कपिले, जेनीशा सेठ, आनंदी ठाकरे एवं सुहानी शेलोकार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण ने उनके व्यक्तित्व विकास, संप्रेषण कौशल,ल आत्मविश्वास तथा साक्षात्कार की तैयारी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उन्होंने प्रशिक्षण को रोजगार की दिशा में एक अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी पहल बताया.
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की प्रस्तावना डॉ. अनिलकुमार प्रसाद ने प्रस्तुत की, जबकि समापन समारोह की प्रस्तावना करियर गाइडेंस समिति की समन्वयक डॉ. जागृति व्यास ने रखी. आभार प्रदर्शन समिति की समन्वयक डॉ. रचना राठी ने किया. उद्घाटन एवं समापन समारोह का प्रभावी संचालन क्रमशः डॉ. संजय रेड्डी तथा छात्रा कु. शर्वरी इंगोले ने किया. कार्यक्रम की सफलता में करियर गाइडेंस समिति के सदस्य डॉ. ज्योति भुतड़ा, डॉ. आशीष मोहता एवं डॉ. राजू वाघ का योगदान रहा.

Back to top button