1 अगस्त को अमरावती में युवाओं से संवाद करेंगे तुकाराम मुंढे
प्रवेश नि:शुल्क, कठोरा रोड के पीआर पोटे कॉलेज के स्वामी विवेकानंद ऑाडिटोरियम में आयोजन

अमरावती/दि.30 – अपनी ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और बेबाक प्रशासनिक कार्यशैली के लिए पूरे महाराष्ट्र में पहचान रखने वाले फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कमिश्नर तुकाराम मुंढे (बी.पी.एस.) का बहुप्रतीक्षित ‘संवाद तरुणाईशी’ कार्यक्रम शनिवार 1 अगस्त को शाम 5 बजे स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम, पी.आर. पोटे एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, कठोरा रोड, अमरावती में आयोजित किया जाएगा.
यह प्रेरणादायी कार्यक्रम विशेष रूप से कॉलेज विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, अभिभावकों और नागरिकों के लिए आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम का आयोजन कस्तूरबा सोलर खादी महिला समिति एवं पी.आर. पोटे पाटिल एजुकेशनल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है. कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा तथा ई-पास के माध्यम से प्रवेश की व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ‘थॉट ब्रेनस्टॉर्मिंग प्रतियोगिता’ में पूरे महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है. प्रतियोगिता के विजेता को तुकाराम मुंढे के हाथों सम्मानित किया जाएगा.
कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा सोलर खादी महिला समिति द्वारा आयोजित सोलर खादी फैशन शो से होगी. इसमें मेलघाट की ग्रामीण एवं आदिवासी महिलाओं द्वारा सोलर चरखों पर तैयार किए गए पर्यावरण-अनुकूल और गुणवत्तापूर्ण खादी परिधानों का प्रदर्शन किया जाएगा. इस प्रस्तुति के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया जाएगा. आयोजकों ने बताया कि कस्तूरबा सोलर खादी महिला समिति पिछले कई वर्षों से अमरावती और मेलघाट क्षेत्र में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है. वहीं कार्यक्रम के प्रायोजक सुंसाथी सोलर और एस.डी. जियो टेस्टिंग स्थानीय युवा इंजीनियरों द्वारा स्थापित स्टार्टअप हैं, जो अपनी गुणवत्ता के कारण देशभर में पहचान बना रहे हैं. कार्यक्रम के मीडिया पार्टनर अमरावती डिस्ट्रिक्ट मराठी जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन हैं. आयोजन में शिक्षकों, प्राध्यापकों, उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का भी सक्रिय सहयोग रहेगा. आयोजकों ने अमरावती के नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस प्रेरक संवाद का लाभ उठाने की अपील की है.





