हाजरा नगर में नाबालिग युवक के पास से 30 ग्राम एमडी बरामद

नागपुरी गेट के डीबी दल की तडके 4 बजे कार्रवाई

* एमडी व नकद राशि समेत 7.71 लाख रुपए का माल जब्त
अमरावती/दि.30 – नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के डीबी स्क्वॉड के दल ने मिली जानकारी के आधार पर गुरुवार 30 जुलाई को तडके 4 बजे के दौरान हाजरा नगर परिसर के राइजिंग इंग्लिश स्कूल के पास जाल बिछाकर एक 16 वर्षीय नाबालिग युवक को दबोचकर उसके पास से 30 ग्राम एमडी जब्त कर लिया. पुलिस ने इस युवक के पास से नकद राशि, मोबाइल समेत कुल 7 लाख 71 हजार 100 रुपए का माल जब्त किया है.
जानकारी के मुताबिक नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के डीबी दल प्रमुख हेड कांस्टेबल मलिक अहमद, दिनेश नांदे, दानिश शेख, राहुल रोडे, सागर पंडित, विक्रम नशीबकर का दल रात को पेट्रोलिंग कर रहा था, तब उन्हें गोपनीय जानकारी मिली कि, हाजरा नगर परिसर का रहने वाला एक युवक राइजिंग स्कूल के पास देर रात को मादक पदार्थ की बिक्री करने के लिए आने वाला है. इस जानकारी के आधार पर थानेदार मनोहर कोटनाके, पीएसआई दादू दहीकर के मार्गदर्शन में डीबी स्क्वॉड के दल ने फॉरेंसिक दल को बुलाकर राइजिंग स्कूल परिसर में जाल बिछाया और तडके 4 बजे के दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक 16 वर्षीय नाबालिग युवक को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, तब 7 लाख 50 हजार रुपए मूल्य का 30 ग्राम प्रतिबंधित मेफेड्रॉन (एमडी) बरामद हुआ. इसके अलावा युवक के पास से 11 रुपए नकद और 20 हजार रुपए मूल्य का मोबाइल भी जब्त किया गया. पूछताछ में इस नाबालिग आरोपी ने बताया कि, यह माल उसके साथी शेख सुफियान शेख अश्फाक का है. उसी ने बिक्री करने के लिए उसे दिया था. फारेंसिक दल ने मादक पदार्थ का घटनास्थल पर निरीक्षण किया. पीएसआई विकास मनपिया की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. फरार आरोपी शेख सुफियान शेख अश्फाक की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है.

Back to top button