दो साल के लिए तड़ीपार हुआ ‘छोटा डॉन’
फ्रेजरपुरा पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.30 – शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए अमरावती शहर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए महादेवखोरी के वरुण नगर निवासी कुख्यात आरोपी श्रवण उर्फ छोटा डॉन राजेश बनारसे (19) को दो वर्ष के लिए अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय तथा अमरावती जिले की सीमा से तड़ीपार कर दिया है.
पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके ने 24 जुलाई को जारी आदेश के तहत महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, 1951 की धारा 56(1)(ए) एवं (बी) के तहत यह कार्रवाई की. आरोपी फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के वरुण नगर, महादेवखोरी का निवासी है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कुल 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें 3 मामले न्यायालय में लंबित हैं, जबकि 2 मामलों की जांच जारी है. इसके अलावा उसके खिलाफ धारा 129 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है. बार-बार गंभीर अपराधों में संलिप्त रहने और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनने के कारण उसे दो वर्षों के लिए तड़ीपार किया गया.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर एवं नयन अलूरकर के मार्गदर्शन में फ्रेजरपुरा पुलिस की टीम ने की. अमरावती शहर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि तड़ीपार आदेश के दौरान श्रवण उर्फ छोटा डॉन अमरावती शहर या जिले की सीमा में दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.