1 अगस्त को तुकाराम मुंढे का अमरावती में युवा महाकुंभ
‘संवाद तरुणाईशी’ में युवाओं से साधेंगे संवाद

* ‘संवाद तरुणाईशी’ में युवाओं से साधेंगे संवाद
* हजारों विद्यार्थियों, अभिभावकों और नागरिकों की उमड़ेगी भीड़
* ईमानदार प्रशासन की पहचान बने मुंढे देंगे सफलता, संघर्ष और नेतृत्व का मंत्र
अमरावती/दि.30- महाराष्ट्र में अपनी कर्तव्यनिष्ठ, पारदर्शी और निर्भीक प्रशासनिक कार्यशैली के लिए विशेष पहचान रखने वाले खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे (भा.प्र.से.) आगामी 1 अगस्त को अमरावती में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘संवाद तरुणाईशी’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे. शहर के कठोरा रोड स्थित पी.आर. पोटे एज्युकेशनल इंस्टीट्यूट के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में शाम 5 बजे होने वाला यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, अभिभावकों और नागरिकों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा मंच बनने जा रहा है.
कस्तूरबा सोलर खादी महिला समिति तथा पी.आर. पोटे पाटिल एज्युकेशनल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है. आयोजकों के अनुसार यह केवल एक व्याख्यान कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने वाला एक सामाजिक और बौद्धिक आंदोलन है.
* संघर्ष से सफलता तक का सफर बताएंगे मुंढे
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे का नाम महाराष्ट्र में एक ऐसे अधिकारी के रूप में लिया जाता है जिन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. अपने कार्यकाल के दौरान अनेक साहसिक निर्णयों के कारण वे युवाओं के प्रेरणास्रोत बन चुके हैं. कार्यक्रम में वे अपने जीवन के संघर्ष, प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण तथा सफलता के सूत्रों पर मार्गदर्शन करेंगे. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह अवसर विशेष महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें प्रशासनिक सेवा के एक अनुभवी अधिकारी से सीधे संवाद करने और प्रश्न पूछने का अवसर मिलेगा.
* प्रवेश निशुल्क, ई-पास से होगी एंट्री
आयोजकों ने कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा है. बड़ी संख्या में संभावित उपस्थिति को देखते हुए क्यूआर कोड आधारित ई-पास व्यवस्था लागू की गई है. इसके माध्यम से नागरिकों को सुव्यवस्थित प्रवेश उपलब्ध कराया जाएगा.
* राज्यभर से मिला ‘विचार मंथन’ प्रतियोगिता को प्रतिसाद
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ‘विचार मंथन स्पर्धा’ को महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ है. बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए हैं. प्रतियोगिता के प्रथम क्रमांक प्राप्त विजेता का सम्मान स्वयं तुकाराम मुंढे के हस्ते किया जाएगा. इससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह का वातावरण है.
* मेलघाट की महिलाओं का सोलर खादी फैशन शो रहेगा आकर्षण
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सोलर खादी फैशन शो होगा. कस्तूरबा सोलर खादी महिला समिति द्वारा आयोजित इस विशेष प्रस्तुति में मेलघाट की ग्रामीण एवं आदिवासी महिलाओं द्वारा सौर चरखों पर निर्मित खादी वस्त्रों का प्रदर्शन किया जाएगा. पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी उत्पादन, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण रोजगार की अवधारणा को केंद्र में रखकर तैयार किए गए इस फैशन शो के माध्यम से महिलाओं की आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी भी सामने आएगी. आयोजकों का मानना है कि यह प्रस्तुति सामाजिक परिवर्तन और महिला उद्यमिता का जीवंत उदाहरण बनेगी.
* महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी कस्तूरबा समिति
कार्यक्रम की मुख्य आयोजक संस्था कस्तूरबा सोलर खादी महिला समिति पिछले कई वर्षों से अमरावती और मेलघाट क्षेत्र में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है. सौर चरखा परियोजना, खादी उत्पादन और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य संस्था द्वारा किया जा रहा है.
* स्थानीय युवाओं के स्टार्टअप भी बन रहे प्रेरणा स्रोत
कार्यक्रम के प्रायोजक सनसाथी सोलर और एस.डी. जियो टेस्टिंग अमरावती के युवा इंजीनियरों द्वारा स्थापित स्टार्टअप हैं. इन संस्थाओं ने अपने नवाचार और गुणवत्ता के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है. आयोजकों का कहना है कि ऐसे युवा उद्यमियों की सफलता भी कार्यक्रम में शामिल होने वाले युवाओं को आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करेगी.
* समाज के सभी वर्गों का मिल रहा सहयोग
कार्यक्रम के मीडिया पार्टनर के रूप में अमरावती जिला मराठी पत्रकार संघ सहयोग कर रहा है. इसके अलावा शिक्षकों, प्राध्यापकों, उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा युवाओं की विभिन्न टीमों का भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है.





