पोते की मौत का सदमा नहीं सह सके दादा
हार्ट अटैक से तोड़ा दम, एक साथ उठीं दोनों की अर्थियां

भंडारा/दि.30- भंडारा जिले के मोहाडी तहसील के पालोरा गांव से रिश्तों की गहराई और भावनात्मक जुड़ाव की एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है. 49 वर्षीय पोते की मौत की खबर सुनते ही 79 वर्षीय दादा को दिल का दौरा पड़ा और कुछ ही देर बाद उनका भी निधन हो गया. इस दोहरे हादसे से पूरे मते परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के अनुसार, पालोरा निवासी नितीन रमेश मते (49) की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. नितीन के निधन की सूचना जैसे ही उनके दादा रामचंद्र महादेव मते (79) को मिली, वे इस गहरे सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सके. कुछ ही देर में उन्हें हृदयाघात हुआ और उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली. गांव के लोगों के अनुसार, दादा-पोते के बीच बेहद गहरा लगाव था. पोते की असमय मौत ने रामचंद्र मते को भीतर तक झकझोर दिया. इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को भावुक कर दिया. शाम को पालोरा गांव के श्मशान घाट में दादा और पोते का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया. एक ही घर से दोनों की अर्थियां निकलने और एक साथ अंतिम विदाई देने का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.





